- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- जरांगे-पाटील की चेतावनी - दीपावली...
जरांगे-पाटील की चेतावनी - दीपावली तक मराठा आरक्षण न मिला तो चुनाव नहीं होने देंगे

- दशहरा रैली के अवसर पर आयोजित रैली में की घोषणा
- दीपावली तक मराठा आरक्षण न मिला तो चुनाव नहीं होने देंगे
- शाहरुख खान और राज ठाकरे से पैसे ले सरकार
Mumbai News. मराठा आरक्षण आंदोलनकर्ता मनोज जरांगे-पाटील ने प्रदेश में स्थानीय निकाय के चुनाव नहीं होने देने को लेकर चेतावनी दी है। जरांगे-पाटील ने कहा कि यदि प्रदेश में दीपावली तक मराठा समाज को संपूर्ण आरक्षण नहीं मिला तो स्थानीय निकाय चुनाव नहीं होने देंगे। इसलिए सरकार दीपावली तक हैदराबाद और सातारा राजपत्र को लागू करे। गुरुवार को जरांगे-पाटील ने बीड़ के शिरूर तहसील के नारायणगड में दशहरा के मौके पर आयोजित रैली को संबोधित किया।
जरांगे-पाटील ने प्रदेश की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे के खिलाफ हैदराबाद राजपत्र (गजेटियर) स्वीकारे जाने को लेकर दिए गए बयान पर तल्ख टिप्पणी की। पंकजा ने कहा था कि गुलामी का राजपत्र स्वीकारना कितना उचित है? इस पर जरांगे-पाटील ने कहा कि ओबीसी समाज को अंग्रेजों की जनगणना के आधार पर आरक्षण मिला। अंग्रेज पंकजा के घर में रहे थे क्या? जरांगे-पाटील ने कहा कि सरकार दिवाली से पहले भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित इलाकों को बाढ़ग्रस्त घोषित करे। किसानों को प्रति हेक्टेयर 70 हजार रुपए नकद उपलब्ध कराए। जिन किसानों की जमीन और फसल दोनों चौपट हुई है, उन्हें प्रति हेक्टेयर 1 लाख 30 हजार रुपए की मदद प्रदान करे। जरांगे-पाटील ने कहा कि राज्य के किसानों को कर्ज माफी, बाढ़ प्रभावितों को मदद मिलने, फसल बीमा का लाभ मिलने के बिना निकाय चुनाव घोषित नहीं होने दिया जाएगा। यदि चुनाव की घोषणा हुई तो मंत्रियों को एक भी चुनावी सभा को संबोधित नहीं करने दिया जाएगा।
शाहरुख खान और राज ठाकरे से पैसे ले सरकार
जरांगे-पाटील ने किसानों को आर्थिक मदद देने के लिए सरकार को नेताओं, उद्योगपतियों, सिनेमा जगत के लोगों से मदद लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सरकार अभिनेता शाहरुख खान से किसानों की मदद के लिए पैसे ले। उनके पास 12-12 करोड़ रुपए की गाड़ियां हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे तक संपत्ति कम नहीं है। मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के पास कम पैसे नहीं है। राज की ट्रैवल कंपनी चलती है। भाजपा सांसद नारायण राणे और प्रदेश के खाद्य आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल से मदद राशि लेनी चाहिए। जरांगे-पाटील ने कहा कि सरकारी अधिकारियों के वेतन का चौथाई हिस्सा काटकर किसानों को मदद करनी चाहिए।
Created On :   3 Oct 2025 5:43 PM IST