- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- गोदारा और चारण गैंग के निशाने पर है...
Mumbai News: गोदारा और चारण गैंग के निशाने पर है विवादित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कॉमेडियन

- बेंगलुरु में जान से मारने की थी तैयारी
- ऐन वक्त पर गाड़ी बदलने से बचा
Mumbai News. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से अलग होने के बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा-गोल्डी बरार और वीरेंद्र चारण गैंग फिल्म जगत में अपनी मौजूदगी और दबदबा बनाने के लिए लगातार कोशिशें कर रहा है। इसके लिए उसने एक हिट लिस्ट तैयार की है, जिसमें मुंबई का एक मशहूर और विवादित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर व कॉमेडियन भी शामिल है। उसे रोहित गोदारा गैंग के दो शूटरों ने बेंगलुरु में एक सप्ताह पहले मारने की कोशिश भी की थी। लेकिन बेंगलुरु से मुंबई आने के दरम्यान पहले से तय गाड़ी ऐन वक्त पर बदल जाने से उसकी जान बच गई। इस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को बेंगलुरु में मारने की जिम्मेदारी रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण गैंग ने जिन दो शूटरों को सौंपी थी, उन्हें दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने कलिंदी कुंज-जैतपुर पुश्ता रोड से हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। शूटरों की पहचान राहुल रामफल (29) और साहिल रमेश कुमार (37) के रूप में हुई है। सूत्रों के मुताबिक इन दोनों शूटरों ने पूछताछ में अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार किया है। इस खुलासे के बाद दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी मुंबई पुलिस से साझा किया है। जिससे उस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को जरूरी सुरक्षा मुहैया कराई जा सके।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि गिरफ्तार किये गए दोनों शूटरों ने बेंगलुरु और मुंबई में एक प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के लोकेशन की रेकी की थी। लेकिन कम्युनिकेशन में गड़बड़ी के कारण योजना सफल नहीं हो सकी। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एक सप्ताह पहले बेंगलुरु के एक मॉल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गया था और उसके वहां से निकलते ही गोली मारने की तैयारी शूटरों ने करके रखी थी। हाल ही में अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली वाले घर के बाहर की गोलीबारी की घटना भी इसी का एक उदाहरण है।
Created On :   3 Oct 2025 6:04 PM IST