- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- उद्धव ने कहा - हिंदुत्व का सवाल...
Mumbai News: उद्धव ने कहा - हिंदुत्व का सवाल पूछने वाले पहले अपने झंडे से हरा रंग हटाएं, शर्मिला ने कार्यकर्ताओं को खिलाई मिठाई

- शर्मिला ठाकरे ने उद्धव गुट के कार्यकर्ताओं को खिलाई मिठाई
- हिंदुत्व का सवाल पूछने वाले पहले अपने झंडे से हरा रंग हटाएं
- हिंदुत्व का सवाल पूछने वाले पहले अपने झंडे से हरा रंग हटाएं
Mumbai News. शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सालों से चली आ रही पार्टी की दशहरा रैली की परंपरा के मौके पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर जमकर निशाना साधा। ठाकरे ने भाजपा की कथनी और करनी पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक और पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलते हैं, दूसरी ओर देश भक्ति और हिंदुत्व का नाटक करते हैं। ठाकरे ने भाजपा को हिंदुत्व के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि वह हिंदुत्व का हमसे सवाल पूछने से पहले, अपने झंडे से हरा रंग हटाएं। उसके बाद हमें हिंदुत्व सिखाएं।
दादर के शिवाजी पार्क मैदान में बारिश में भीगते हुए उद्धव ने इस मौके पर आरएसएस पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस संगठन को 100 साल पूरे हो गए हैं लेकिन आज वह भाजपा की नफरत के आगे बेसहाय हो गया है। ठाकरे ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ समय पहले भागवत मस्जिद में गए थे, लेकिन भाजपा के लोगों में भागवत से हिंदुत्व के बारे में पूछने की हिम्मत नहीं है। भाजपा के लोग सोफिया कुरैशी जैसी देशभक्ति सेना की अधिकारी पर सवाल उठाती है, लेकिन आरएसएस के लोग चुप रहते हैं। ठाकरे ने कहा कि बालासाहेब ने हमें राष्ट्रीय धर्म सिखाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधते हुए ठाकरे ने कहा कि जिसने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत की तुलना युद्ध से की, वो बेशर्म है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर हमला बोलते हुए उद्धव ने कहा कि अभी हाल ही में देश के टॉप 10 मुख्यमंत्री का सर्वे आया है, जिसमें हमारे मुख्यमंत्री आखिरी पायदान पर हैं। हमारी योजनाओं को अपना नाम देकर उद्घाटन किया जा रहा है लेकिन हमसे कर्ज माफी की मांग करने वाले आज किसानों को कर्ज माफी देने से पीछे हट रहे हैं। जन सुरक्षा कानून के जरिए विपक्ष को डराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में अधिकारियों को पकड़ा जा रहा है जबकि मंत्रियों के घरों में नोटों की गड्डियां मिलने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। यहां तक कि मंत्रियों की मां और पत्नी के नाम पर बार खोले जा रहे हैं, जिसको लेकर मुख्यमंत्री चुप हैं।
ठाकरे ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने 1500 रुपए राज्य की महिलाओं को दिए जाने की घोषणा की। भाजपा पगार वोटर तैयार कर रही है। अब सभी महिलाओं को तय करना होगा कि क्या आप पगारी वोटर हैं? जहां चुनाव होता है वहां पैसा बांट दिया जाता है, लेकिन किसानों को देने के लिए कुछ नहीं है। अगले कुछ दिनों में बीएमसी चुनाव आने वाले हैं, लेकिन बीएमसी का की तिजोरी खाली कर दी है। हजारों करोड़ के घाटे में है। रैली में मौजूद लोगों की ओर से राज ठाकरे के साथ चुनाव लड़ने की घोषणाओं के बाद उद्धव ने कहा कि 5 जुलाई को ही यह तय हो गया था कि हम साथ रहने के लिए ही साथ आए हैं। ऐसे में आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। गौरतलब है कि राज ठाकरे तमाम अटकलों के बावजूद इस रैली में शामिल नहीं हुए।
शर्मिला ठाकरे ने उद्धव गुट के कार्यकर्ताओं को खिलाई मिठाई
शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के बीच हाल ही में हुए मेल-मिलाप के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश देखने को मिल रहा है। गुरूवार को उद्धव गुट की दशहरा रैली में भले ही राज ठाकरे शामिल नहीं हुए हों लेकिन रैली से पहले राज की पत्नी शर्मिला ठाकरे ने रैली में आए शिवसैनिकों को मिठाई बांटकर गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और उन्हें दशहरे की शुभकामनाएं दीं। सिर्फ मिठाई ही नहीं बल्कि शर्मिला ने कार्यकर्ताओं को प्रतीकात्मक रूप से 'सोना' भी भेंट किया, जो इस पर्व पर समृद्धि और शुभता का प्रतीक माना जाता है। शर्मिला ने इस मौके पर शिवसैनिकों से संवाद साधा, जिससे माहौल ऊर्जावान हो गया। उनका यह व्यवहार कार्यकर्ताओं के दिल को छू गया। इस दौरान कार्यकर्ता राज और उद्धव के एक साथ आने की चर्चा भी करते हुए दिखाई दिए। शर्मिला ठाकरे द्वारा शिवसैनिकों को मिठाई बांटने से दोनों दलों पार्टी में एकजुटता और सकारात्मकता का संकेत मानी जा रही है।
Created On :   3 Oct 2025 6:46 PM IST