- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- उद्धव के संभाजीनगर दौरे को देख...
Mumbai News: उद्धव के संभाजीनगर दौरे को देख शिंदे ने आनन-फानन में बनाया प्लान, मनपा पर कब्जे की जंग हुई तेज

- महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ी रणभूमि तैयार
- छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका चुनाव की हलचल
- संभाजीनगर मनपा पर वर्चस्व जमाने के लिए तैयारी युद्ध स्तर पर
Mumbai News. महाराष्ट्र की राजनीति में अब एक और बड़ी रणभूमि तैयार हो रही है। वह है छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका चुनाव। दरअसल शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे का पहले से ही शनिवार को प्रस्तावित दौरा था। लेकिन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को अचानक ‘तड़का फड़की’ में दौरे का ऐलान कर क्षेत्र की सियासी गर्मी बढ़ा दी है। दोनों ही नेता संभाजीनगर मनपा पर वर्चस्व जमाने के लिए तैयारी युद्ध स्तर पर कर रहे हैं।
ठाकरे बनाम शिंदे : मनपा की कुर्सी का संघर्ष
उद्धव ठाकरे का शनिवार को संभाजीनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करने, रोड शो और जनसभा के आयोजन का कार्यक्रम था। जैसे ही इस बात की जानकारी एकनाथ शिंदे को लगी तो उन्होंने संभाजीनगर के अपने नेताओं को काम पर लगा दिया और उद्धव के दौरे से के एक दिन पहले यानि शुक्रवार को शक्ति प्रदर्शन करने का आदेश दिया। शिंदे ने शुक्रवार को तत्काल दौरा इसलिए तय किया क्योंकि वह अपने विरोधी को कोई मौका नहीं देना चाहते।
संभाजीनगर मनपा चुनाव क्यों है अहम?
छत्रपति संभाजीनगर मनपा न सिर्फ मराठवाड़ा की सबसे बड़ी मनपा है, बल्कि यह चुनाव राज्य में दोनों ही शिवसेना के जनाधार का टेस्ट मैच माना जा रहा है। संभाजीनगर में शिंदे गुट को फायदा इसलिए भी हो सकता है क्योंकि यहां से राज्य सरकार में मंत्री संजय शिरसाट भी हैं। वैसे यहां पर पिछले मनपा चुनाव में शिवसेना (अविभाजित) ने बाजी मारी थी, लेकिन शिवसेना में फूट पड़ने के दौरान मेयर नंदकुमार घोडेले शिंदे गुट में शामिल हो गए थे। संभाजीनगर मराठवाड़ा का गढ़ है, ऐसे में दोनों ही दल इस पर कब्जा जमाने की फिराक में हैं।
Created On :   9 Oct 2025 10:18 PM IST