Mumbai News: जापानी पर्यटकों को महाराष्ट्र के बाघ दिखाना चाहता है पर्यटन विभाग, ओसाका और टोक्यो एक्सपो में शानदार प्रतिक्रिया

जापानी पर्यटकों को महाराष्ट्र के बाघ दिखाना चाहता है पर्यटन विभाग, ओसाका और टोक्यो एक्सपो में शानदार प्रतिक्रिया
  • अंजता-एलोरा तक सीमित रह जाते हैं राज्य में आने वाले जापानी टूरिस्ट
  • ओसाका और टोक्यो एक्सपो में मिली शानदार प्रतिक्रिया
  • जापान और व्यापक एशियाई बाजार के साथ सहयोग के नए रास्ते खोले

Mumbai News. सुरेश ठमके। महाराष्ट्र में अजंता-एलोरा जैसी बौद्धकालिन गुफाओं के चलते हर साल राज्य में करीब 2 लाख जापानी पर्यटक आते हैं। पर अब राज्य का पर्टन विभाग चाहता है कि जापनी पर्यटक केवल अंजाता-एलारो की गुफाएं देख कर चलता न बने, वे विदर्भ के जंगलों की सैर कर बाघ के दर्शन भी करें। पिछले दिनों महाराष्ट्र के पर्यटन राज्य मंत्री इंद्रनील नाइक सहित विभाग ने वरिष्ठ अधिकारियों ने जापान के आइची स्काई एक्सपो के दौरान आयोजित टूरिज्म एक्सपो जापान 2025 में हिस्सा लिया।

राज्य के पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव अतुल पाटने ने दैनिक भास्कर को बताया कि पर्यटन राज्य मंत्री इंद्रनील नाइक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ओसाका और टोक्यो में लक्षित रोड शो आयोजित करके महाराष्ट्र के वैश्विक पर्यटन संवर्धन को और मज़बूत किया और राज्य में पर्यटन निवेश के अवसरों पर प्रकाश डाला। प्रतिनिधिमंडल ने महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और आधुनिक पर्यटन अवसंरचना पर एक प्रस्तुति दी। पाटने कहा कि दरअसल महाराष्ट्र में हर साल करीब 2 लाख जापानी पर्यटक आते हैं। उनकी खास रुचि अजंता-एलोरा की गुफाओं में ज्यादा रहती है। जबकि मुंबई के पास स्थित एलीफेंटा की गुफाएं भी बौद्धकालिन हैं। इसके अलावा जापानी पर्यटकों की रुचि टाईगर देखने में भी होती है। इस लिए हमारी कोशिश होगी की महाराष्ट्र आने वाले जापानी पर्यटकों को विदर्भ के जंगलों की सैर भी कराई जाए। उन्होंने बताया कि टूरिज्म एक्सपो जापान 2025 में महाराष्ट्र मंडप एक प्रमुख आकर्षण रहा और इसे अंतर्राष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंसियों, एयरलाइनों और आगंतुकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली। महाराष्ट्र में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में निवेश के अवसरों पर भी प्रकाश डाला गया।

ओसाका और टोक्यो में रोड शो

जापान के ओसाका और टोक्यो में महाराष्ट्र पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित रोड शो ने जापानी पर्यटकों, पर्यटन हितधारकों, टूर ऑपरेटरों और निवेशकों के साथ सीधे संवाद के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया। इन कार्यक्रमों में महाराष्ट्र की पर्यटन संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतियां, जापानी पर्यटकों के लिए विशेष यात्रा पैकेज और बैठकों, प्रोत्साहनों, सम्मेलनों और प्रदर्शनियों (एमआईसीई) क्षेत्र में सहयोग के अवसरों पर चर्चाएँ शामिल थीं। रोड शो में दुनिया के अग्रणी पर्यटन बाजारों में से एक, जापान के साथ सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के लिए महाराष्ट्र की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि जापानी यात्रियों के लिए अनुकूलित यात्रा कार्यक्रम बनाना, सतत पर्यटन और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना इस संबंध में सहायक होगा।

इस संबंध में पर्यटन राज्य मंत्री इंद्रनील नाइक ने कहा, "टूरिज्म एक्सपो जापान 2025 में हमारी भागीदारी और ओसाका एवं टोक्यो में आयोजित रोड शो ने जापान और व्यापक एशियाई बाजार के साथ सहयोग के नए रास्ते खोले हैं। महाराष्ट्र की विरासत, प्रकृति और आधुनिकता के अनूठे मिश्रण ने राज्य को एक दर्शनीय स्थल बना दिया है। हमें विश्वास है कि इस प्रोत्साहन से जापानी पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा और हमारे राज्य के पर्यटन क्षेत्र में महत्वपूर्ण निवेश आकर्षित होगा।

Created On :   9 Oct 2025 10:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story