- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- ठेके के बदले दिवाली पर मिली शिंदे...
Mumbai News: ठेके के बदले दिवाली पर मिली शिंदे के विधायक को डिफेंडर कार, विधायक संजय गायकवाड़ का आरोप

- बुलढाणा के विधायक संजय गायकवाड़ पर भाजपा ने लगाया आरोप
- सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
Mumbai News. महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। इस बार निशाने पर हैं बुलढाणा विधानसभा सीट से शिवसेना (शिंदे) विधायक संजय गायकवाड़। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने एक ठेकेदार को ठेका दिलवाने के बदले दिवाली पर एक लग्जरी ‘डिफेंडर’ कार गिफ्ट में ली है। ये मामला स्थानीय स्तर पर काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि गायकवाड़ ने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया है।
क्या है पूरा मामला?
भाजपा के बुलढाणा जिला अध्यक्ष विजयराज शिंदे ने आरोप लगाया कि एक निजी ठेकेदार को बुलढाणा नगर परिषद से कुछ दिनों पहले एक बड़ा निर्माण कार्य का ठेका दिलवाया गया। इसके बदले में विधायक संजय गायकवाड को कथित रूप से एक महंगी डिफेंडर कार ठेकेदार द्वारा गिफ्ट में दी गई। शिंदे ने कहा कि ये जनता के पैसे से दिया गया दिवाली गिफ्ट है। सवाल सिर्फ एक कार का नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम के भ्रष्टाचार का है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से कराई जाए। हालांकि विधायक गायकवाड़ ने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि ये कार उनके नाम पर नहीं बल्कि उनके कार्यकर्ता के नाम पर है। विरोधी बेवजह आरोप लगा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
संजय गायकवाड़ की कथित तौर पर नई डिफेंडर कार के साथ कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। स्थानीय विपक्ष के नेताओं ने तो यहां तक आरोप लगाए कि किसानों को दिवाली पर कुछ नहीं मिला जबकि विधायक को दिवाली गिफ्ट के तौर पर एक करोड़ की कार गिफ्ट मिल गई। सरकार में साथी दल के नेताओं द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद से दोनों ही दलों भाजपा और शिंदे गुट में तनातनी देखने को मिल सकती है।
Created On :   19 Oct 2025 10:37 PM IST