Mumbai News: सुझाव या तकरार: मंत्री नितेश राणे को सोच समझकर बोलना चाहिए- नीलेश राणे

सुझाव या तकरार: मंत्री नितेश राणे को सोच समझकर बोलना चाहिए- नीलेश राणे
  • सवाल उठ रहे ..राणे बंधुओं में कोई तकरार तो नहीं
  • नीलेश राणे विधानसभा चुनाव से पहले शिंदे गुट में शामिल हुए

Mumbai News हिंदुत्व के मुद्दे को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले भाजपा नेता और राज्य सरकार में मंत्री नितेश राणे को उनके ही बड़े विधायक भाई नीलेश राणे ने नसीहत दी है। नीलेश ने नितेश के बयानों को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि नितेश को संभलकर बोलना चाहिए। नीलेश ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर लिखा कि सभा में बोलना आसान है लेकिन हमें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हम अपनी बात से किसको फायदा पहुंचा रहे हैं। नितेश ने भी अपने भाई नीलेश का जवाब देते हुए कहा कि नीलेश जी, आप टैक्स फ्री हैं। दोनों के बयान से सवाल उठ रहे हैं कि कहीं राणे बंधुओं में कोई तकरार तो नहीं है।

नीलेश ने क्या कहा? : शिवसेना (शिंदे) विधायक नीलेश राणे ने मंत्री नितेश राणे के बयान के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जिसमें नितेश ने धाराशिव में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में शिंदे गुट को आड़े हाथों लिया था। जिसके बाद नीलेश ने कहा कि नितेश को संभलकर बोलना चाहिए। जब मैं उनसे मिलूंगा तो बोलूंगा। बोलते समय हर बात का ध्यान रखना चाहिए। सभा में बोलना आसान है। लेकिन हमें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हम अपनी बात से किसको फायदा पहुंचा रहे हैं। नीलेश ने कहा कि हम यह नहीं भूल सकते कि हम महायुति में हैं। नीलेश राणे विधानसभा चुनाव से पहले शिंदे गुट में शामिल हो गए थे और विधायक भी शिंदे गुट से ही बने। अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अगर नीलेश अपने छोटे भाई नितेश को कोई सलाह देते तो फोन करके भी दी जा सकती थी। सोशल मीडिया के माध्यम से नीलेश ने अपनी नाराजगी जताई है। नितेश राणे ने भी सोशल मीडिया पर नीलेश को जवाब देते हुए कहा कि नीलेश जी, आप टैक्स फ्री हैं।

नितेश राणे ने सभा में शिंदे गुट पर साधा था निशाना : नितेश ने शनिवार को धाराशिव में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में शिंदे गुट को आड़े हाथों लिया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा के मुख्यमंत्री सबके पिता बनकर बैठे हैं, सभी को याद रखना चाहिए। नितेश के बयान का शिंदे गुट ने विरोध किया था। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने भी रविवार को विवाद को दबाने की कोशिश की। जिसके बाद नीलेश राणे को अपने भाई नितेश को महायुति गठबंधन की याद दिलानी पड़ी।

Created On :   8 Jun 2025 7:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story