- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- ठाकरे बंधुओं में नजदीकियां बढ़ीं -...
Mumbai News: ठाकरे बंधुओं में नजदीकियां बढ़ीं - उद्धव के जन्मदिन पर मातोश्री पहुंचे राज, गले मिलकर दी बधाई

- शुभकामनाएं देने पर नहीं होनी चाहिए राजनीति- फडणवीस
- उद्धव के जन्मदिन पर मातोश्री पहुंचे राज ठाकरे, गले मिलकर दी बधाई
- राज ने जन्मदिन पर आकर एक सरप्राइज दिया- उद्धव
Mumbai News. महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे अपनी पत्नी शर्मिला ठाकरे के साथ मातोश्री पहुंचे और अपने चचेरे भाई तथा शिवसेना (उद्धव) प्रमुख उद्धव ठाकरे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। यह मुलाकात ठाकरे परिवार के भीतर वर्षों से जमी दूरी को पिघलाने वाला संकेत माना जा रहा है। राज ने इस मौके पर उद्धव को गुलदस्ता भेंट किया और गले भी मिले। खबर है कि राज और उद्धव की करीब 20 मिनट तक हुई मुलाकात में राजनीतिक मुद्दों पर भी बात हुई। पिछले एक महीने में राज और उद्धव की यह दूसरी मुलाकात है।
5 जुलाई की साझा रैली बनी नींव
इससे पहले 5 जुलाई को राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे मराठी के मुद्दे पर एक साझा मंच पर नजर आए थे, जिससे इन दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों की अटकलें शुरू हुई थीं। अब राज का मातोश्री पहुंचना इन कयासों को और मजबूती देता है कि आने वाले समय में दोनों दल आगामी स्थानीय चुनावों में एक साथ दिखाई दे सकते हैं। साल 2019 में राज ठाकरे मातोश्री पर उद्धव को अपने बेटे अमित ठाकरे की शादी का निमंत्रण देने के लिए गए थे। ऐसे में राज करीब 6 साल बाद अब मातोश्री पहुंचे। इस बीच राज ने उद्धव को सोशल मीडिया पर जन्मदिन की बधाई दी।
भाषाई विवाद बना पारिवारिक सुलह का कारण?
राज और उद्धव के एक साथ आने में मराठी भाषा ने अहम योगदान दिया है। राज्य सरकार द्वारा कक्षा एक से पांचवी तक हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में पढ़ाए जाने का सबसे पहले राज ठाकरे ने विरोध किया था। इसके बाद उद्धव ने भी मराठी के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ ताल ठोक दी थी। यही कारण रहा कि पहले दोनों ठाकरे बंधुओं ने राज्य सरकार के खिलाफ एक साथ मोर्चा निकालने की बात कही लेकिन जब इस मुद्दे पर सरकार पीछे हट गई तो दोनों ही भाईयों ने एक साथ विजयी सभा की। इसी सभा ने अब ठाकरे बंधुओं के बीच संवाद की खिड़की खोल दी है। मराठी अस्मिता की राजनीति में दोनों दलों की भूमिका को देखते हुए, यह मेलमिलाप भविष्य की राजनीतिक और रणनीतिक साझेदारी का संकेत हो सकता है।
राज ने जन्मदिन पर आकर एक सरप्राइज दिया- उद्धव
शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राज ठाकरे के मातोश्री पर पहुंचकर जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पर कहा कि उन्हें उनके जन्मदिन पर कई लोगों के बधाई सन्देश मिले। लेकिन राज का घर पहुंचकर उन्हें बधाई देना एक बड़ा सरप्राइज था। राज के पहुंचने से उन्हें काफी खुशी हुई। उद्धव ने कहा कि जिस घर में हम दोनों बड़े हुए वहां एक बार फिर से मिलना काफी सुखद अनुभव रहा। मुझे विश्वास है कि आगे सभी अच्छा होगा।
राज का उद्धव को जन्मदिन की बधाई देने पर राजनीति न हो- फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज ठाकरे द्वारा उद्धव को उनके घर जाकर जन्मदिन की बधाई देने पर कहा कि इसमें किसी को राजनीति नहीं करनी चाहिए। फडणवीस ने कहा कि हमारी भी उद्धव ठाकरे के लिए शुभकामनाएं हैं। महाराष्ट्र के मन में क्या है यह विधानसभा चुनाव में जनता ने दिखा दिया है। महाराष्ट्र में होने वाले स्थानीय चुनावों में भी जनता के मन में है, वह भी दिख जाएगा।
Created On :   27 July 2025 9:47 PM IST