Mumbai News: जब तक मतदाता सूची ठीक नहीं होती तब तक चुनाव करवाकर दिखाओ - राज ठाकरे

जब तक मतदाता सूची ठीक नहीं होती तब तक चुनाव करवाकर दिखाओ - राज ठाकरे
राज्य की मतदाता सूची में 96 लाख फर्जी मतदाता जुड़े

Mumbai News. मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव से पहले महाराष्ट्र की राजनीति मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के इर्द गिर्द घूमती नजर आ रही है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे ने इस मुद्दे को लेकर न सिर्फ भाजपा पर सीधा हमला बोला है बल्कि चुनाव आयोग को चुनौती दी है। रविवार को गोरेगांव के नेस्को मैदान में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज ने कहा कि मतदाता सूची में 96 लाख फर्जी मतदाता जुड़ चुके हैं। उन्होंने धमकी भरे अंदाज में कहा कि चुनाव आयोग जब तक मतदाता सूची को ठीक नहीं करता तब तक वह चुनाव करवाकर दिखाए।

क्या कहा राज ठाकरे ने?

राज ठाकरे ने कहा कि स्थानीय दलों को खत्म करने की साजिश रची जा रही है। मेरे पास पक्की जानकारी है कि राज्य की मतदाता सूची में करीब 96 लाख फर्जी मतदाता जोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर सबकुछ पहले से तय कर लिया गया है तो चुनाव करवाने का क्या मतलब? यह सब साफ तौर पर मैच फिक्सिंग जैसा लग रहा है। राज ने कहा कि अकेले मुंबई में 8 से 10 लाख फर्जी मतदाता जोड़े गए हैं

भाजपा पर निशाना

राज ठाकरे ने अपने भाषण में भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर मैं चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा हूं तो भाजपा को क्यों तकलीफ हो रही है? जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब यही सवाल वे भी उठाते थे। अब सत्ता में आकर चुप क्यों हैं? उन्होंने कहा कि राज ठाकरे की सभा में भीड़ होती है लेकिन वोट नहीं मिलते। ये सभी इसी रणनीति का हिस्सा हैं। राज्य, मनपा और परिषद पर कब्जा कर अडाणी-अंबानी को महाराष्ट्र के कुछ शहर देने की तैयारी चल रही है।

भाजपा का पलटवार

राज ठाकरे के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। विधायक अतुल भातखलकर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज ठाकरे को पहले यह बताना चाहिए कि उनकी पार्टी में कार्यकर्ता हैं भी या नहीं? जब चुनाव आते हैं, तब ही वे सक्रिय होते हैं और आरोप लगाते हैं। भातखलकर ने यह भी कहा कि राज ठाकरे गंभीर नेता हैं या केवल भाषण देने वाले वक्ता, यह अब जनता तय करेगी।

Created On :   20 Oct 2025 5:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story