New Delhi News: कांग्रेस ने महाराष्ट्र के लिए गठित की राजनीतिक मामलों की समिति, नए महासचिव - सचिव नियुक्त

कांग्रेस ने महाराष्ट्र के लिए गठित की राजनीतिक मामलों की समिति, नए महासचिव - सचिव नियुक्त
  • महाराष्ट्र कांग्रेस में 108 नए महासचिव और 95 सचिव नियुक्त
  • महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति
  • महाराष्ट्र इकाई के लिए राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) का गठन

New Delhi News. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महाराष्ट्र इकाई के लिए राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) का गठन करने के साथ ही पार्टी के नए पदाधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। साथ ही महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति भी की है। यह जानकारी यहां पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएंगी।

खड़गे ने महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी रमेश चेन्नीथला की अध्यक्षता में प्रदेश की राजनीतिक मामलों की समिति गठित की है। इस प्रभावशाली समिति में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, विजय वड्‌डेटिवार, सतेज पाटील, मुकुल वासनिक, अविनाश पांडे, सुशील कुमार शिंदे, पृथ्वीराज चह्वाण, रजनी पाटील, नाना पटोले, माणिकराव ठाकरे समेत 36 नाम शामिल हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिव, महाराष्ट्र से अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव और संयुक्त इस समिति के पदेन सदस्य होंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने अभय छाजेड़ को प्रदेश कांग्रेस का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही 16 वरिष्ठ उपाध्यक्ष, 38 उपाध्यक्ष, 108 महासचिव और 95 सचिवों की नियुक्ति की है। साथ ही प्रदेश कांग्रेस के लिए 5 प्रवक्ताओं की भी नियुक्ति हुई है। अनंत गाडगिल, अतुल लोंढे, धीरज देशमुख, गोपाल तिवारी और सचिव सावंत पार्टी के नए प्रवक्ता बनाए गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्षों में अभिजीत वंजारी, गणेश पाटील, सुनील देशमुख, अनीस अहमद जैसे 16 नाम शामिल हैं तो उपाध्यक्षों में अनिल पटेल, अशोक धवड़, अशोक निलंगेकर, आसिफ कुरैशी सहित 38 नाम शामिल हैं। पार्टी के नए महासचिवों में अभिजीत सपकाल, आबिद खान्र, अलका राठौड़, अनीस कुरैशी, अमर कानपुरे, आमिर शेख सहित कुल 108 नाम शामिल हैं। पार्टी के नए सचिवों में आनंद सिंह, अभ्युदय मेघे, ऐश्वरी राठौड़, आकाश मोरे, अक्षय राउत, अशोक डोलास, आसिफ टावाकेल सहित कुल 95 नाम शामिल है। शीर्ष नेतृत्व ने श्रीनिवास बिक्कड़ को प्रदेश इकाई का मीडिया समन्वयक बनाया है। प्रदेश कार्यकारिणी समिति में हर्षवर्धन सपकाल, मुकल वासनिक, अविनाश पांडे, सतेज पाटील, विजय वड्‌डेटिवार, अमीन पटेल, बालासाहेब थोराट सहित कुल 87 नाम शामिल है।

Created On :   30 July 2025 4:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story