- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- पीयूष गोयल ने कहा - भारत-ब्रिटेन...
New Delhi News: पीयूष गोयल ने कहा - भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते से महाराष्ट्र को होगा फायदा

- मुंबई के कपड़ा कारोबार और कोल्हापुर के फुटवियर उद्योग को मिलेगा बूस्ट
- उत्तर मुंबई के 12,000 युवाओं को मिली नौकरी
- 11 तालाबों का किया जा रहा पुनर्विकास
New Delhi News. भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते (फ्री ट्रेड एग्रीमेंट) के ऐलान के बाद अब भारत के कई सेक्टरों को पंख लगने वाले हैं। इस समझौते को अमली जामा पहनाने में मुख्य भूमिका निभाने वाले केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कहते हैं कि ब्रिटेन के साथ हुए इस अहम करार से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और कई उत्पादों की कीमतें कम होंगी। उन्होंने कहा कि इस एग्रीमेंट से महाराष्ट्र को सबसे ज्यादा फायदा होगा। गोयल ने यहां मराठी मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि ब्रिटेन के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से कपड़ा, फुटवियर, समुद्री उत्पाद और चमड़े के सामान जैसे श्रम प्रधान उद्योगों के लिए ब्रिटेन में निर्यात करना आसान होगा। साथ ही आईटी क्षेत्र को भी बूस्ट मिलेगा। चूंकि महाराष्ट्र टेक्सटाइल, फुटवियर, समुद्री उत्पाद और आईटी सेक्टर में काफी आगे है, लिहाजा इस एग्रीमेंट का सबसे ज्यादा फायदा महाराष्ट्र को मिलने की उम्मीद है। साथ ही नासिक के अंगूर उत्पादक किसानों, नागपुर के संतरा उत्पादकों और कोंकण के आम उत्पादकों को भी बड़े अवसर मिलेंगे।
उत्तर मुंबई के 12,000 युवाओं को मिली नौकरी
केन्द्रीय मंत्री गोयल अपने संसदीय क्षेत्र उत्तर मुंबई को भी संवारने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर मुंबई में अब तक 125 नौकरी/करियर मेला आयोजित किया जा चुका है और इसके माध्यम से क्षेत्र के 12,000 युवकों को विभिन्न उद्योगों में नौकरियां उपलब्ध कराई गई हैं। पिछले 13 मार्च को एक मेगा प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की गई थी, जिसमें 22 कंपनियों ने हिस्सा लिया था। इसी प्रकार उत्तर मुंबई में 15,000 से अधिक युवाओं को टेक्सटाइल, गेमिंग और एनिमेशन, खाद्य निर्माण, साइबर सुरक्षा आदि क्षेत्रों में कौशल विकास की ट्रेनिंग दी गई है।
11 तालाबों का किया जा रहा पुनर्विकास
केन्द्रीय मंत्री ने मुंबई की धारावी पुनर्विकास परियोजना की तारीफ करते हुए कहा कि यह झुग्गी मुक्ति की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने उत्तर मुंबई को स्लम फ्री बनाने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 11 तालाबों की पहचान कर उसका पुनरूद्धार किया जा रहा है और इस काम में निजी कंपनियों की मदद ली जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में एक जापानी भाषा प्रशिक्षण केन्द्र शुरू किया गया है, जिसका फायदा क्षेत्र के युवाओं को होगा।
Created On :   11 May 2025 9:19 PM IST