New Delhi News: मराठी और सिंधी भाषा के लिए महाराष्ट्र के युवा लेखकों का चयन, साहित्य पुरस्कारों की घोषणा

मराठी और सिंधी भाषा के लिए महाराष्ट्र के युवा लेखकों का चयन, साहित्य पुरस्कारों की घोषणा
  • साहित्य अकादमी के ‘युवा’ और ‘बाल’ साहित्य पुरस्कारों की घोषणा
  • हिंदी के लिए पार्वती तिर्की को युवा पुरस्कार, सुशील शुक्ल को बाल साहित्य पुरस्कार

New Delhi News. साहित्य के क्षेत्र में प्रतिष्ठित माने जाने वाले साहित्य अकादमी के ‘युवा’ और ‘बाल’ पुरस्कारों की बुधवार को घोषणा कर दी गई। युवा साहित्य अकादमी पुरस्कारों के लिए महाराष्ट्र के मराठी और सिंधी भाषा के लेखकों का चयन किया गया है। मराठी भाषा के लिए युवा लेखक प्रदीप कोकरे को उनके उपन्यास ‘खोल खोल धुस्का डोले’ के लिए और सिंधी भाषा के लिए मंथन बच्चानी के कविता संग्रह ‘पंधी अडो’ को ‘युवा’ साहित्य अकादमी पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसके साथ ही बाल साहित्य के कवि डॉ. सुरेश सावंत को उनके कविता संग्रह ‘अभलमया’ के लिए ‘बाल’ साहित्य अकादमी पुरस्कार के लिए चुना गया है। हिंदी के लिए पार्वती तिर्की को युवा पुरस्कार, सुशील शुक्ल को बाल साहित्य पुरस्कार के लिए चुना गया है।

साहित्य अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में हुई बैठक में वर्ष 2025 के लिए साहित्य अकादमी के 'युवा' और 'बाल' साहित्य पुरस्कारों की घोषणा की गई। युवा साहित्य अकादमी पुरस्कार के लिए देशभर से कुल 23 युवा लेखकों का चयन किया गया है। जबकि बाल साहित्य अकादमी पुरस्कार के लिए 24 बाल लेखकों के चयन की आज घोषणा की गई है। पुरस्कारों के लिए उत्कृष्ट साहित्यिक लेखन का चयन प्रत्येक भाषा में पुरस्कारों के लिए गठित तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल की निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए किया गया है। 'युवा' और 'बाल' साहित्य पुरस्कारों' का प्रारूप प्रशस्ति पत्र और 50,000 रुपये का नकद पुरस्कार है। यह पुरस्कार एक विशेष समारोह में प्रदान किए जाएंगे।

Created On :   18 Jun 2025 8:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story