- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- वर्धा में कपास अनुसंधान केंद्र...
लोकसभा: वर्धा में कपास अनुसंधान केंद्र खोलने का कोई प्रस्ताव नहीं, कपास क्रांति मिशन स्वीकृत

New Delhi News. महाराष्ट्र के वर्धा लोकसभा क्षेत्र में कपास अनुसंधान केंद्र, आधुनिक सूत कताई एवं प्रसंस्करण सुविधाएं और मूल्यवर्धन क्लस्टर तथा निर्यात सुविधा केंद्र स्थापित करने का केंद्र सरकार के पास कोई प्रस्ताव नहीं है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने मंगलवार को लोकसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही के दौरान यह जानकारी दी।
वर्धा से लोकसभा सदस्य अमर काले के पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में चौधरी ने कहा कि वर्धा समेत देश के 14 कपास उत्पादक जिलों में नीतिगत उन्नत उपायों के साथ-साथ अनुसंधान एवं विस्तार कार्यकलापों के माध्यम से कपास का उत्पादन बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने ‘कपास उत्पादकता मिशन (कपास क्रांति)’ को स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मिशन में उन्नत प्रसंस्करण क्षमताओं, सुदृढ़ ब्रांडिंग, मूल्य श्रृंखला लिंकेज को मजबूत करने और कपास के निर्यात को बढ़ावा देने के माध्यम से उत्कृष्ट गुणवत्ता वाले भारतीय कपास की आपूर्ति में भी वृद्धि करना शामिल है।
Created On :   21 July 2026 9:16 PM IST






