- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष की कार्यशैली...
Mumbai News: मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष की कार्यशैली पर अब प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने भी उठाए सवाल

- वर्षा गायकवाड़ पर लगाया समन्वय नहीं करने का आरोप
- मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष की कार्यशैली पर अब प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने भी उठाए सवाल
Mumbai News. मुंबई कांग्रेस के कामकाज को लेकर अब प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने चिंता जाहिर की है। प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को न तो भरोसे में लेकर फैसला ले रही हैं और न ही प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ समन्वय कर पा रही हैं। ऐसे में राज्य की और पार्टियों की तुलना में मुंबई कांग्रेस आगामी स्थानीय चुनावों की तैयारी में पिछड़ती जा रही है। गौरतलब है कि पिछले महीने मुंबई कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात कर गायकवाड को मुंबई अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की थी।
क्या है मामला?
कुछ दिनों पहले प्रदेश कांग्रेस ने राज्य भर में होने वाले स्थानीय चुनावों को लेकर एक बैठक बुलाई थी, जिसमें वर्षा गायकवाड़ को भी आमंत्रित किया गया था। लेकिन वर्षा जब इस बैठक में शामिल नहीं हुईं तो उसको लेकर पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के कई नेताओं ने सवाल खड़े किए। नेताओं ने बैठक में ही कहा था कि जब पार्टी के सभी दल राज्य में होने वाले स्थानीय चुनावों की तैयारी में जुट गए हैं तो कांग्रेस की दोनों इकाइयों को भी आपस में मिलकर समन्वय बनाकर काम करने की जरूरत है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि एक तो वर्षा गायकवाड़ से संपर्क करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर अगर प्रदेश नेतृत्व कोई प्रदर्शन या बैठक करना चाहता है तो मुंबई कांग्रेस की ओर से उचित सहयोग नहीं मिल पाता। इसकी वजह से पार्टी को नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। इस नेता ने यह भी कहा कि चूंकि मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष सीधे आलाकमान को रिपोर्ट करते हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में देखा गया कि प्रदेश नेतृत्व को भरोसे में लेकर फैसले लिए जाते थे। जो की अब गायकवाड़ के कार्यकाल से यह समन्वय नहीं देखने को मिल रहा है।
वर्षा का पहले भी हो चुका है विरोध
यह पहला मौका नहीं है कि जब मुंबई कांग्रेस में वर्षा गायकवाड का विरोध हुआ हो। इससे पहले जब वर्षा ने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला था तो इसके विरोध में कांग्रेस के कई पूर्व नगरसेवकों ने पार्टी छोड़ दी थी। यहां तक कि गायकवाड़ को उस समय शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था, जब मुंबई कांग्रेस के दफ्तर की बिजली को बिल का भुगतान नहीं करने के चलते काट दिया था। इसको लेकर वर्षा गायकवाड़ की महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक खूब किरकिरी हुई थी।
पिछले महीने भी कई नेताओं ने की थी वर्षा की शिकायत
मुंबई कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने पिछले महीने कांग्रेस सांसद राहुल गाँधी से मुलाकात कर उनके कामकाज को लेकर सवाल उठाए थे और उन्हें हटाने की मांग की थी। इन नेताओं ने वर्षा गायकवाड़ पर पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर काम नहीं करने का आरोप लगाया था। गायकवाड़ की पिछले वर्ष भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आलाकमान को पत्र लिखकर शिकायत की थी। जिन नेताओं ने वर्षा के खिलाफ पत्र लिखा था उनमें राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य चंद्रकांत हंडोरे भी शामिल थे।
Created On :   22 Jun 2025 8:49 PM IST