लोकसभा चुनाव: मध्यप्रदेश फार्मूले पर महाराष्ट्र भाजपा के बड़े नेताओं को मैदान में उतारने की तैयारी!

मध्यप्रदेश फार्मूले पर महाराष्ट्र भाजपा के बड़े नेताओं को मैदान में उतारने की तैयारी!
  • मैं लोकसभा नहीं लड़ना चाहताः मुनगंटीवार
  • मुंबई में भी विधायकों पर दाव
  • भाजपा के बड़े नेताओं को मैदान में उतारने की तैयारी!

डिजिटल डेस्क, मुंबई। साल 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र भाजपा पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तर्ज पर पार्टी के दिग्गज मंत्रियों और नेताओं को मैदान में उतार सकती है। भाजपा चंद्रपुर सीट से प्रदेश के वन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार को उम्मीदवारी दे सकती है। प्रदेश के उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील, भाजपा की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे, मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को लोस चुनाव के लिए टिकट मिलने की संभावना है।

मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तत्कालीन केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को उतार दिया था। जिसमें भाजपा को सफलता भी मिली थी। माना जा रहा है कि भाजपा मध्यप्रदेश के सफल फार्मूले को अपनाते हुए पार्टी के दिग्गज नेताओं को लोकसभा चुनाव में झोकने की तैयारी में है। हालांकि भाजपा के अधिकांश विधायक राज्य की राजनीति छोड़ कर दिल्ली जाने के लिए उत्साहित नहीं हैं। मुनगंटीवार सोमवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शामिल हुए थे।

मैं लोकसभा नहीं लड़ना चाहताः मुनगंटीवार

इस पर नागपुर में मंगलवार को मुनगंटीवार ने कहा कि मेरी संसद में जाने की इच्छा नहीं है। इसलिए मैं पूरी तरह से प्रयास कर रहा हूं कि लोकसभा चुनाव में मुझे चंद्रपुर सीट से टिकट न मिले। इसके बावजूद अगर पार्टी आदेश देगी तो मैं उसका पालन करते हुए लोकसभा चुनाव लड़ूंगा। मुनगंटीवार फिलहाल चंद्रपुर की बल्लारपुर सीट से विधायक हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में चंद्रपुर सीट से भाजपा के उम्मीदवार रहे हंसराज अहीर को कांग्रेस प्रत्याशी बालू धानोरकर ने 44 हजार 763 वोटों से हराया था। मई 2023 में धानोरकर के निधन से चंद्रपुर सीट अभी रिक्त हैं। चंद्रपुर सीट से भाजपा के पूर्व सांसद अहीर भी इस बार लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक हैं। भाजपा कोल्हापुर लोकसभा सीट पर राज्य के उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील को उतार सकती है। फिलहाल कोल्हापुर सीट से शिवसेना (शिंदे) के संजय मंडलिक सांसद हैं। भाजपा बीड़ लोकसभा सीट से प्रदेश की पूर्व मंत्री पंकजा को उम्मीदवारी दे सकती है। पंकजा साल 2019 के विधानसभा चुनाव में परली सीट से विधानसभा चुनाव हार गई थीं। इसके बाद से ही पंकजा राजनीतिक वनवास झेल रही हैं। बीड़ सीट से फिलहाल पंकजा की बहन प्रीतम मुंडे सांसद हैं।

मुंबई में भी विधायकों पर दाव

मुंबई में भाजपा की नजर शिवसेना (शिंदे) के कोटे वाली सीटों पर है। भाजपा दक्षिण मुंबई से विधानसभा अध्यक्ष नार्वेकर या फिर प्रदेश के कौशल्य विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढा पर दांव लगा सकती है। नार्वेकर संसद में जाने के इच्छुक हैं। इन दिनों उन्होंने दक्षिण मुंबई क्षेत्र में अपनी सक्रियता भी बढ़ा दी है। भाजपा मुंबई उत्तर-मध्य सीट से सांसद पूनम महाजन के विकल्प के रूप में नए उम्मीदवार की तलाश में है। समझा जा रहा है कि पार्टी मुंबई भाजपा अध्यक्ष शेलार को मैदान में उतार सकती है। शेलार मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे हैं। हालांकि वे भी लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक नजर नहीं आ रहे हैं। शेलार केंद्रीय मंत्री अमित शाह के करीबी माने जाते हैं। सूत्रों के मुताबिक भाजपा जलगांव सीट से सांसद उन्मेष पाटील का टिकट काट सकता है। जलगांव सीट से प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री गिरीश महाजन को प्रत्याशी बनाने की चर्चा है। मगर महाजन लोकसभा में जाने के लिए तैयार नहीं हैं।

Created On :   12 March 2024 1:50 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story