मुंबई: इगतपुरी तक पहुंचा समृद्धि मार्ग, विकास को बढ़ावा, मुंबई में पानी कटौती भी खत्म

इगतपुरी तक पहुंचा समृद्धि मार्ग, विकास को बढ़ावा, मुंबई में पानी कटौती भी खत्म
  • बाला साहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि मार्ग का तीसरा चरण शुरू
  • राजधानी मुंबई और नागपुर के बीच तैयार हो रहा मार्ग

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और नागपुर के बीच तैयार हो रहे 701 किमी लम्बे हिन्दू हृदय सम्राट बाला साहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि मार्ग का तीसरा चरण शुरू हो गया । 25 किमी का यह नया महामार्ग भरवीर से इगतपुरी के बीच सोमवार को शुरू किया गया। इस मार्ग के शुरू होने से अब 20 किमी ख़राब सड़क के सहारे समृद्धि मार्ग तक पहुँचाने की दिक्कत ख़त्म हो गई हैं। सोमवार को समृद्धि मार्ग के 25 किमी नए कॉरिडोर का उद्घाटन कृषि मंत्री दादा भूसे ने किया। इस मार्ग के शुरू होने से अब मुंबई से नागपुर के बीच तैयार हो रहे 701 किमी कॉरिडोर में से 625 किमी का कॉरिडोर वाहनों के आवागमन के लिए शुरू हो चुका है।

मुंबई से नागपुर के बीच 701 किमी लंबे हाईवे का निर्माण तेजी से हो रहा है। अगस्त 2024 तक इगतपुरी से मुंबई समृद्धि महामार्ग का अंतिम चरण शुरू करने की योजना सरकार की हैं। 11 दिसंबर 2022 को नागपुर से शिर्डी के बीच 520 किमी महामार्ग को वाहनों के लिए शुरू किया गया था। दूसरे चरण के तहत शिर्डी से भरवीर के बीच 80 किमी मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोला गया था। अब तीसरे चरण के तहत भरवीर से इगतपुरी के बीच 25 किमी का मार्ग खोला गया है।

प्रतिक्रिया

छगन भुजबल ,मंत्री , खाद्य, नागरिक आपूर्ति के मुताबिक सड़कों से ही जिला, राज्य व देश का विकास होता है। हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि राजमार्ग महाराष्ट्र की भाग्य रेखा होगी।

राज्य के विकास को मिलेगा बढ़ावा

दादा भूसे पाटिल, पालकमंत्री के मुताबिक मुंबई- नागपुर के बीच 701 किमी महामार्ग में से 625 किमी का महामार्ग पूरा हो गया है। इगतपुरी से भरवीर का 25 किमी मार्ग शुरू कर दिया गया हैं। महामार्ग के माध्यम से पर्यटन और धार्मिक स्थलों को जोड़ा जायेगा।

मुंबई में हो रही 15 प्रतिशत पानी कटौती खत्म, ठाणे शहर, भिवंडी को आज से मिलेगा पूरा पानी

पिसे पंपिंग स्टेशन में लगी आग के कारण एक ट्रांसफार्मर जल गया था। इस कारण 20 पंप की जगह केवल 15 पंप से जलापूर्ति की जा रही थी। मनपा ने मुंबई सहित ठाणे, भिवंडी में 15 प्रतिशत पानी कटौती शुरु की थी। लेकिन तीसरा ट्रांसफार्मर भी काम करना शुरू कर दिया है। इसलिए पानी कटौती को आज से रद्द कर दिया गया है।

मनपा जल विभाग के अधिकारी ने बताया कि पिसे में तीन ट्रांसफार्मर चालू कर दिए गए हैं. उसके आधार पर सभी 20 पंप पूरी क्षमता से चालू हो गए हैं. इसलिए, पूरे मुंबई शहर, पश्चिमी उपनगरों, पूर्वी उपनगरों के साथ-साथ ठाणे शहर, भिवंडी और मुंबई 2 और 3 पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति में 15 प्रतिशत की कटौती बुधवार 6 मार्च, 2024 से वापस ली जा रही है.

Created On :   5 March 2024 4:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story