होगा बड़ा उलटफेर: फडणवीस-उद्धव- राज की मुलाकात पर राऊत का दावा, विधान परिषद चुनाव में भाजपा और शिवसेना शिंदे गुट के बीच बढ़ी रार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद सत्तारूढ़ महायुति में भाजपा और शिवसेना (शिंदे) के बीच तकरार बढ़ती नजर आ रही है। शिवसेना विधायक नीलेश राणे ने प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन पर निशाना साधते हुए पूछा कि वे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से सवाल करने वाले कौन होते हैं? उन्होंने बन को अपनी मर्यादा में रहने की चेतावनी भी दी।
बन ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने शिंदे के खिलाफ कोई अपशब्द नहीं कहा, बल्कि केवल यह पूछा था कि शिवसेना (शिंदे) के विधायक अब्दुल सत्तार और नेता रवींद्र धंगेकर की भाजपा विरोधी टिप्पणियां पार्टी की आधिकारिक भूमिका हैं या नहीं। इस पर नीलेश राणे ने कहा कि उनकी पार्टी जवाब केवल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पूछने पर देगी। उन्होंने भाजपा नेताओं को संभलकर बयान देने की सलाह दी।
वहीं, भाजपा नेता और मंत्री नितेश राणे ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के परिणामों का मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने संज्ञान लिया है। तीनों नेता मिलकर उचित निर्णय करेंगे।
शिवसेना (शिंदे) नेता रवींद्र धंगेकर ने आरोप लगाया कि भाजपा उनकी पार्टी के साथ विपक्ष जैसा व्यवहार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि विधान परिषद चुनाव में भाजपा नेतृत्व विफल रहा है और एकनाथ शिंदे को दोबारा मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। हालांकि, शिंदे ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को विवाद बढ़ाने वाले बयान नहीं देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने महायुति के सभी दलों को आत्मचिंतन करने की जरूरत बताई।
ठाकरे बंधुओं से मुलाकात पर सियासी अटकलें
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शिवसेना (उद्धव) प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे की एक पुस्तक विमोचन समारोह से पहले बंद कमरे में हुई बातचीत ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है।
शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत ने दावा किया कि अप्रैल-मई में देश और महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा उलटफेर हो सकता है। उन्होंने कहा कि इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और दिल्ली की राजनीतिक गतिविधियों का असर महाराष्ट्र पर भी पड़ेगा।
शिंदे गुट के मंत्री गुलाबराव पाटील ने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि तीनों नेता साथ बैठकर चाय पी रहे थे। वहीं, मंत्री संजय शिरसाट ने अगले 3 से 4 महीनों में राज्य की राजनीति में बड़े घटनाक्रम के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा और शिवसेना (शिंदे) के बीच कोई विवाद नहीं है तथा अगला साल उनकी पार्टी का होगा।
Created On :  
