अदालत में है केस: धनुष बाण चुराने वाले एकनाथ शिंदे, अमित शाह और चुनाव आयोग पर लगाया जाए मकोका- संजय राऊत

धनुष बाण चुराने वाले एकनाथ शिंदे, अमित शाह और चुनाव आयोग पर लगाया जाए मकोका- संजय राऊत
  • सुप्रीम कोर्ट में चल रही है शिवसेना के मालिकाना हक की लड़ाई
  • शिवसेना के चुनाव चिह्न पर सुप्रीम कोर्ट की लड़ाई

Mumbai News. शिवसेना के नाम और चुनाव चिन्ह ‘धनुष-बाण’ को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चल रही कानूनी लड़ाई के बीच उद्धव गुट के सांसद संजय राऊत ने राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना (शिंदे) प्रमुख एकनाथ शिंदे, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। राऊत ने आरोप लगाया कि तीनों ने मिलकर शिवसेना का ‘धनुष-बाण’ चुरा लिया है। उन्होंने इसे ‘संगठित चोरी’ बताते हुए कहा कि शिंदे, शाह और चुनाव आयोग पर मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून) लगाया जाना चाहिए। राऊत ने कहा कि हमारा धनुष-बाण चोरी हुआ है। तीन चोरों ने यह चोरी की है। यह एक संगठित चोरी है।

पहले मुद्देमाल जब्त करो, फिर विचारों की बात करना

शिंदे गुट की ओर से उद्धव गुट के वकीलों द्वारा धनुष-बाण चुनाव चिह्न को फ्रीज करने की मांग पर सवाल उठाए जाने पर राऊत ने पलटवार किया। इस पर राऊत ने कहा कि हमारा धनुष-बाण चोरी हुआ है। जब चोर पकड़ा जाता है तो पहले मुद्देमाल जब्त किया जाता है। पहले मुद्देमाल जब्त करो। उन्होंने शिंदे गुट पर बालासाहेब ठाकरे के विचारों को लेकर बयान देने पर भी निशाना साधा। राऊत ने कहा कि जो लोग 24 घंटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के सामने झुकते हैं, उन्हें बालासाहेब ठाकरे के विचारों की बात नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धनुष-बाण की चिंता करने की जरूरत नहीं है, उसके लिए हम हैं।

शिवसेना के चुनाव चिह्न पर सुप्रीम कोर्ट की लड़ाई

शिवसेना के नाम और ‘धनुष-बाण’ चुनाव चिह्न को लेकर उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे गुट के बीच विवाद लंबे समय से अदालत में है। चुनाव आयोग के फैसले के बाद शिंदे गुट को शिवसेना का नाम और धनुष-बाण चुनाव चिह्न मिला था। उद्धव ठाकरे गुट इस फैसले को चुनौती दे रहा है। अब सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई के बीच राऊत के ताजा बयान ने इस राजनीतिक और कानूनी विवाद को एक बार फिर गरमा दिया है।

Created On :   21 Aug 2026 10:07 PM IST

Tags

Next Story