अजित पवार के आने से शिवसेना और भाजपा के विधायक नाराज - कीर्तिकर

अजित पवार के आने से शिवसेना और भाजपा के विधायक नाराज - कीर्तिकर
  • अजीत को वित्त विभाग मिलने की चर्चा से शिंदे के विधायक परेशान
  • लोकसभा की 48 सीटों वाला महाराष्ट्र

डिजिटल डेस्क, मुंबई. राज्य की एकनाथ शिंदे सरकार में अजित पवार के नेतृत्व वाले राकांपा समूह के शामिल होने से भाजपा और शिवसेना के मंत्री पद के दावेदारों की संभावनाएं धूमिल हो गई हैं। इससे सत्ताधारी दोनों दलों के विधायक नाराज हैं। शिंदे गुट के विधायकों ने एकनाथ शिंदे से इस बात की शिकायत भी की है। शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकर ने बुधवार को यह बात कही। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव में 350 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है और लोकसभा की 48 सीटों वाला महाराष्ट्र, भाजपा के लिए इस संख्या को बढ़ाने के लिहाज से एक महत्वपूर्ण राज्य है। राकांपा के साथ आने से महाराष्ट्र से 40-42 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। मुंबई उत्तर पश्चिम के सांसद कीर्तिकर ने कहा कि लोकसभा चुनाव जीतने के बाद विधानसभा चुनाव आसानी से जीती जा सकती है। कुछ महीनों पहले मुख्यमंत्री शिंदे के साथ जाने वाले कीर्तिकर ने कहा कि राकांपा के सरकार में शामिल होने के बाद भाजपा और शिवसेना से मंत्री पद के दावेदारों की गुंजाइश कम हो गई है। इससे कुछ विधायक नाराज हैं। मुख्यमंत्री को इसकी जानकारी है। अजित पवार खेमे से नौ मंत्रियों के शामिल होने से शिंदे-फडणवीस मंत्रिमंडल के सदस्यों की संख्या 29 हो गई है। अब मंत्रिमंडल में 14 पद रिक्त हैं। पिछले साल जून में एकनाथ शिंदे के देवेन्द्र फडणवीस के साथ सरकार की कमान संभालने के बाद यह राज्य मंत्रिपरिषद का दूसरा विस्तार था। इस बीच शिवसेना (शिंदे) के प्रवक्ता विधायक संजय शिरसाट ने भी कहा है कि सरकार में अजीत की इंट्री से शिवसेना के विधायकों में नाराजगी है। सूत्रों के अनुसार शिंदे गुट के विधायक इस लिए भी नाराज हैं क्योंकि चर्चा है कि अजीत पवार को वित्त विभाग मिलने वाला है। पिछले उद्धव ठाकरे सरकार में अजीत के पास वित्त विभाग था। तब शिवसेना विधायकों की शिकायत रहती थी कि अजीत उनको विकास कार्यों के लिए निधि नहीं देते। सरकार से बगावत के वक्त एकनाथ शिंदे ने भी अजीत पर यह आरोप लगाया था।

Created On :   6 July 2023 6:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story