6 जिलों में शिवाजी महाराज के संग्रहालय और थीम पार्क बनाएगी राज्य सरकार- लोढा

6 जिलों में शिवाजी महाराज के संग्रहालय और थीम पार्क बनाएगी राज्य सरकार- लोढा
  • स्कूल और महाविद्यालय में बनाए जाएंगे युवा पर्यटन क्लब
  • शिवाजी महाराज के संग्रहालय
  • थीम पार्क बनाएगी राज्य सरकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने बुधवार को राज्य के छह जिलों में छत्रपति शिवाजी महाराज का संग्रहालय, शिवसृष्टी और शिवकालीन थीम पार्क बनाने की घोषणा की। इसके लिए सरकार ने 410 करोड़ रुपए आवंटित भी कर दिए हैं। लोढा ने कहा कि इन सभी कार्यों को एक वर्ष के भीतर पूरा कर दिया जाएगा। इसके अलावा राज्य के प्रत्येक स्कूल और महाविद्यालय में युवा पर्यटन क्लब भी बनाए जाएंगे ताकि युवा पीढी को राज्य के पर्यटन क्षेत्रों की जानकारी मिल सके।

गोराई में बनेगा शिवाजी महाराज का युद्ध संग्रहालय-लोढा

राज्य सरकार छत्रपति शिवाजी महाराज के 350वीं जयंती जोर शोर से मना रही है। इसको लेकर पर्यटन विभाग भी अलग-अलग कार्यक्रम कर रहा है। सरकार ने शिवाजी महाराज के प्रेरणादायी इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य के छह जगहों पर शिवाजी महाराज के संग्रहालय, थीम पार्क और शिवसृष्टी बनाने की घोषणा की। यह संग्रहालय और थीम पार्क शिवनेरी, गोराई, बुलढाणा, संभाजीनगर, नाशिक और रामटेक में बनाये जाएंगे। सरकार इन सभी कार्यों पर 410 करोड़ रुपए खर्च करेगी। कुछ दिनों पहले जब गोराई में सरकार ने अवैध रुप से रह रहे बांग्लादेशियों के घरों पर बुलडोजर चलाया था तो सरकार ने उस जगह पर उस समय ही शिवाजी महाराज का युद्ध संग्रहालय बनाने की घोषणा की थी। पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने कहा कि शिवनेरी में छत्रपति शिवाजी महाराज बाल संस्कार संग्रहालय बनाएगी जिस पर करीब 70 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन सभी कार्यों को एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

विनायक दामोदर सावरकर थीम पार्क भगूर में बनाया जाएगा

मंत्री लोढा ने कहा कि बुलढाणा में राजमाता जिजाऊ संग्रहालय बनाया जाएगा वहीं औरंगाबाद में धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज का संग्रहालय, नासिक में छत्रपति शिवाजी महाराज राज कौशल और रामटेक में शिवाजी महाराज हिंदवी स्वराज्य संग्रहालय बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वातंत्रवीर विनायक दामोदर सावरकर थीम पार्क भगूर में बनाया जाएगा जिसमें सावरकर के जीवन की प्रमुख घटनाओं का समावेश किया जाएगा।

स्कूल और महाविद्यालय में बनेंगे युवा पर्यटन क्लब- लोढा

लोढ़ा ने कहा नई पीढ़ी को पर्यटन स्थलों से जोड़ने के लिए बहुत जल्द प्रत्येक स्कूल और महाविद्यालय में युवा पर्यटन क्लब स्थापित किए जाएंगे। स्कूलों और महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को पर्यटन स्थल पर ले जाकर राज्य के पर्यटन क्षेत्रों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार के इस फैसले से बड़े पैमाने पर रोजगार भी निर्मित होंगे।

Created On :   14 Jun 2023 4:39 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story