योजना को मंजूरी: राज्य पुलिस दल के अफसरों को अब मुख्यमंत्री शौर्य पदक, राज्य मंत्रिमंडल ने योजना को दी मंजूरी

राज्य पुलिस दल के अफसरों को अब मुख्यमंत्री शौर्य पदक, राज्य मंत्रिमंडल ने योजना को दी मंजूरी
  • पुलिस दल के अधिकारियों और कर्मचारियों के साहसिक कार्य को प्रोत्साहन
  • मनोबल बढ़ाने के लिए अब ‘मुख्यमंत्री शौर्य पदक’ दिया जाएगा

डिजिटल डेस्क, मुंबई. राज्य पुलिस दल के अधिकारियों और कर्मचारियों के साहसिक कार्य को प्रोत्साहन देने और मनोबल बढ़ाने के लिए अब ‘मुख्यमंत्री शौर्य पदक’ दिया जाएगा। मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल ने पुरस्कार योजना को मंजूरी दी है। देश के पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, तेलंगाना, मेघालय, मणिपुर और केरल प्रदेश में राज्य पुलिस दल उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को पुरस्कार दिए जाते हैं। इसी के तर्ज पर महाराष्ट्र में अब मुख्यमंत्री शौर्य पदक दिया जाएगा। सेवा के दौरान जान की बाजी लगाकर साहसिक कार्य के लिए मुख्यमंत्री शौर्य पदक दिया जाएगा। पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपए नकद राशि,पदक और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक वर्ष 1 मई को महाराष्ट्र दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री शौर्य पदकों की घोषणा की जाएगी। मुख्यमंत्री शौर्य पदक मरणोपरांत भी प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। मंत्रिमंडल ने इस पुरस्कार के लिए चनय पद्धति, समिति की रचना और आवश्यक खर्च के प्रावधान को स्वीकृति दी है। इस पुरस्कार के चयन के लिए राज्य के पुलिस महानिदेशक की अध्यक्षता में प्रथम चयन समिति होगी।

इस समिति के पास जिला स्तर पर पुलिस अधीक्षक को संबंधित परिक्षेत्र के विशेष पुलिस महानिरीक्षक के जरिए प्रस्ताव भेजना होगा। जबकि पुलिस आयुक्त को सीधे पुलिस महानिदेशक के पास प्रस्ताव देना होगा। दूसरी तरफ राज्य सरकार के स्तर पर राज्य के गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति होगी। यह समिति पुरस्कार का प्रस्ताव राज्य के गृहमंत्री तथा मुख्यमंत्री के पास भेजेगी। राज्य में पुलिस कर्मी नक्सलवाद, आतंकवाद, सांप्रदायिक दंगे, संगठित अपराध, तस्करी के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा और बाहरी हमलों से सुरक्षा की जिम्मेदारी साहस और वीरता के साथ निभाते हैं। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से पुलिस बल के सम्मान करने के लिए 26 जनवरी और 15 अगस्त को शौर्य, राष्ट्रपति शौर्य, अशोक चक्र और कीर्ति चक्र जैसे विभिन्न पदकों की घोषणा की जाती है।

Created On :   6 Oct 2026 10:17 PM IST

Tags

Next Story