पालाबदल: राजनीति : कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा के शिंदे गुट में शामिल होने की अटकलें तेज

राजनीति : कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा के शिंदे गुट में शामिल होने की अटकलें तेज
  • विपक्षी दलों के नेता पार्टी छोड़कर सत्तारूढ़ दलों में शामिल हो सकते हैं
  • दक्षिण मुंबई की लोकसभा सीट पर दावे की चर्चा
  • देवड़ा हो सकते हैं शिंदे गुट के प्रभावी उम्मीदवार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आगामी लोकसभा चुनाव होने में कुछ ही महीने बचे हैं। उससे पहले राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर होने के संकेत मिल रहे हैं। राजनीतिक गलियारों से खबर मिल रही है कि विपक्षी दलों के नेता पार्टी छोड़कर सत्तारूढ़ दलों में शामिल हो सकते हैं। पार्टी छोड़ने की चर्चाओं में सबसे ऊपर कांग्रेस के पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा का नाम सबसे ऊपर है। कुछ दिनों पहले मिलिंद देवड़ा ने दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की बात कही थी। चर्चा है कि मिलिंद देवड़ा अगले कुछ दिनों में कांग्रेस छोड़कर शिवसेना (शिंदे) में शामिल हो सकते हैं। हालांकि इसको लेकर मिलिंद देवड़ा और शिंदे गुट की तरफ से कोई सफाई नहीं दी गई है।

राज्य में महाविकास आघाडी के तीनों दलों ने आगामी लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ने का फैसला किया है। दक्षिण मुंबई की लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की ताल ठोक रहे मिलिंद देवड़ा ने इस सीट पर उस समय दावा किया, जब सीटों के बंटवारे को लेकर तीनों ही दलों में बातचीत चल रही है। देवड़ा ने जिस दक्षिण मुंबई की सीट से चुनाव लड़ने की बात कही थी, दरअसल वह सीट इस समय उद्धव गुट के पास है। पिछले दो चुनाव से इस सीट पर ठाकरे गुट के अरविंद सावंत सांसद हैं। शिंदे गुट ने महायुति में उन सीटों पर दावा ठोका है जो पिछले चुनाव में शिवसेना के पास थी। ऐसे में दक्षिण मुंबई की सीट पर शिंदे गुट भी दावा कर रहा है और उसे एक दिग्गज उम्मीदवार की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में शिंदे गुट की तलाश मिलिंद देवड़ा के रूप में पूरी हो सकती है।

माना जाता है कि दक्षिण मुंबई में मराठी वोट बैंक ठाकरे गुट की ताकत रही है। क्योंकि इस सीट पर गिरगांव, शिवडी, परेल, लालबाग, वर्ली और कालाचौकी में मराठी वोटर काफी संख्या में हैं। ऐसे में मिलिंद देवड़ा दक्षिण मुंबई सीट के लिए शिंदे गुट के उम्मीदवार के रूप में एकदम फिट बैठते हैं। देवड़ा ने लोकसभा में दक्षिण मुंबई का प्रतिनिधित्व भी किया है, ऐसे में देवड़ा शिंदे गुट के प्रभावी उम्मीदवार हो सकते हैं।

साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना (अविभाजित) ने गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था और उस समय भाजपा ने दावा किया था कि मोदी लहर के कारण दक्षिण मुंबई सीट से उद्धव गुट के उम्मीदवार अरविंद सावंत की जीत आसान हुई थी। ऐसे में इस सीट पर अब भाजपा भी दावा ठोक रही है। कुछ समय पहले यह भी चर्चा थी कि दक्षिण मुंबई से राज्य सरकार में मंत्री और मालाबार हिल के विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा को टिकट दिया जा सकता है। इसके अलावा ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को भी भाजपा इस सीट से चुनाव मैदान में उतार सकती है। हालांकि अभी तक महायुति में अभी सीटों के बंटवारे पर कोई फैसला नहीं हुआ है। अगर मिलिंद देवड़ा शिंदे गुट में शामिल होते हैं तो कम से कम शिंदे गुट को एक अच्छे उम्मीदवार की तलाश पूरी हो सकती है।

Created On :   13 Jan 2024 1:25 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story