अयोध्या: राम नगरी में तीन दिवसीय समारोह होगा आयोजित, जाएगी महाराष्ट्र की शिंदे सरकार

राम नगरी में तीन दिवसीय समारोह होगा आयोजित, जाएगी महाराष्ट्र की शिंदे सरकार
  • मंदिर में लगे हैं चंद्रपुर की लकड़ी के दरवाजे
  • समारोह आयोजित कर रही महाराष्ट्र की शिंदे सरकार
  • अयोध्या के लिए महाराष्ट्र से चले विशेष ट्रेन

डिजिटल डेस्क, मुंबई, विजय सिंह "कौशिक’। अयोध्या में निर्मित राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को ऐतिहासिक बनाने में भाजपा के साथ पार्टी की सत्ता वाले राज्यों की सरकारे भी जुट गई हैं। महाराष्ट्र सरकार राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में तीन दिवसीय समारोह आयोजित करेगी। इस समारोह में भाग लेने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित सभी मंत्री अयोध्या जायेंगे। राज्य सांस्कृतिक विभाग का यह प्रस्ताव फिलहाल मुख्यमंत्री की मंजूरी का इंतजार कर रहा है।

राज्य के सांस्कृतिक मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने "दैनिक भास्कर' को बताया कि 22 जनवरी राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में महाराष्ट्र सरकार की तरफ से तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। फिलहाल हम इसकी रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। वनवास के समय भगवान राम जिन स्थानों पर गए उनमें से कई जगह महाराष्ट्र में स्थित हैं। इन तीन दिवसीय समारोह के दौरान भगवान राम के चरित्र को प्रस्तुत किया जाएगा। यह कार्यक्रम राम लीला से अलग होगा। फिलहाल इसकी तिथि अभी तय नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार पार्टी के सभी विधायकों से कहा गया है कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र से कम से कम 1400 लोगों को अयोध्या ले जाकर राम लला के दर्शन कराए।

मंदिर में लगे हैं चंद्रपुर की लकड़ी के दरवाजे

अयोध्या के राममंदिर के दरवाजे चंद्रपुर के जंगलों से भेजी गई लकड़ी से बनाए गए हैं। सौगान की इस लकड़ी में 600 साल तक दीमक नहीं लगेंगे। अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में कुल 46 दरवाजे होंगे। इसमें से 18 दरवाजे ग्राउंड फ्लोर पर लगेंगे। इन 18 में से 14 दरवाजों पर सोने की परत चढ़ेगी। महाराष्ट्र के चंद्रपुर के सागौन की खास लकड़ी से बने इन दरवाजों पर हैदराबाद के कारीगरों ने नक्काशी की है। इसके बाद इन पर तांबे की परत चढ़ाई गई। अब इस पर सोने की परत लगाने का काम जनवरी के पहले सप्ताह तक पूरा कर लिया जाएगा।

अयोध्या के लिए महाराष्ट्र से चले विशेष ट्रेन

भाजपा विधायक राजहंस सिंह ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिख कर मुंबई, पुणे, नागपुर से अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन चलाने की मांग की है। सिंह ने रेलमंत्री को भेजे अपने पत्र में कहा है कि वर्षो के संघर्ष के बाद करोड़ों हिंदुओ के आराध्य भगवान राम का उनकी जन्मभूमि अयोध्या में भव्य मंदिर बनाने का स्वप्न पूरा हुआ है। आगामी 22 जनवरी के शुभ मुहूर्त पर राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी। दुनियाभर के हिंदू अयोध्या जाकर राम लला के दर्शन को उत्सुक हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के अलावा उप राजधानी नागपुर और राज्य की सांस्कृतिक राजधानी पुणे से अयोध्या के लिए विशेष "रामलला दर्शन ट्रेन’ चलाई जाए। जिससे महाराष्ट्र के दर्शनार्थियों की अयोध्या यात्रा सुगम और सुखद हो सके।

Created On :   19 Dec 2023 4:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story