कोकण दौरे में निशाना: उद्धव ठाकरे ने कहा - सरकार में शुरू गैंगवार, हमारे साथ किया चक्रवृद्धि ब्याज के साथ वसूलेंगे

उद्धव ठाकरे ने कहा - सरकार में शुरू गैंगवार, हमारे साथ किया चक्रवृद्धि ब्याज के साथ वसूलेंगे
  • हमारे साथ जो हो रहा है चक्रवृद्धि ब्याज के साथ वसूल करूंगा
  • मुर्गी चोर के पंख आपने नोंच लिए हैं
  • दोबारा आए तो उन्हें भी नोचना

डिजिटल डेस्क, मुंबई. लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच दो दिनों के कोकण दौरे पर पहुंचे शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। ठाकरे ने कहा कि हमारे लोगों पर झूठे केस दर्ज किए जा रहे हैं। लेकिन रुकिए हमारे दिन आएंगे फिर यह सब ब्याज नहीं चक्रवृद्धि ब्याज समेत वसूला जाएगा। ठाकरे ने केंद्रीय मंत्री नारायण राणे पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए कहा कि मुर्गी चोर के पंख आपने नोंच लिए हैं। अगर कुछ नए पंख आ गए हैं तो उन्हें भी खींच लेना।

ठाकरे ने सावंतवाडी पहुंचने पर सबसे पहले नारायण राणे पर हमला किया। ठाकरे ने कहा कि आज रविवार है, तो मुर्गी बननी ही चाहिए। मुर्गी चोर के पंख आपने नोंच लिए हैं। जो आपको करना था वह कर दिया है। अगर कुछ नए पंख उग आते हैं तो उनको भी तोड़ लेना। इससे ज्यादा मैं अपने मुंह से कुछ नहीं बोल सकता। दीपक केसरकर को डबल गद्दार बताते हुए ठाकरे ने कहा कि उन्हें सत्ता की कुर्सी फिर से मिल गई है लेकिन उनके माथे पर विश्वासघात का टीका लगा हुआ है। जो कभी जीवन में नहीं हट सकता। हर हफ्ते और 15 दिन में वह शिरडी जाते थे। उन्हें लगता था कि ये कोई धर्मात्मा आदमी है, लेकिन उनके अंदर कोई आस्था और श्रद्धा नहीं बची है।

कोकण दौरे पर बोले उद्धव ठाकरे सरकार में शुरू हो गया है गैंगवार

ठाकरे ने पुलिस स्टेशन में भाजपा विधायक द्वारा की गई गोलीबारी पर कहा कि सरकार की दो पार्टियों में गैंगवार शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के समर्थक आपस में गोलीबारी कर रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ रखकर बैठी हुई है। ठाकरे ने कहा कि भाजपा के विधायक ने शिंदे के पूर्व नगरसेवक पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, उसने आरोप में कहा है कि उसके करोड़ों रुपए नहीं मिलने के चलते गोलीबारी की। ऐसे में इन आरोपों के बाद आरोपियों पर कोई कार्रवाई होगी? उन्होंने कहा कि मैं झूठ और तानाशाही के खिलाफ हूं। जब मनोहर जोशी मुख्यमंत्री थे तो उस समय मुंबई में गैंगवार हुआ था, लेकिन युति की सरकार ने उसको खत्म कर दिया। अब सरकार में ही गैंगवार जैसे हालात पैदा हो गए हैं। उन्होंने कहा कि एक शिंदे गैंग है, एक भाजपा गैंग और तीसरी गैंग है जो दिखता नहीं है। वह 70 हजार करोड़ के सिंचाई घोटाले में शामिल है।

ठाकरे ने मोदी और शिंदे सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे लोगों को जबरन परेशान किया जा रहा है। उन्हें कई जांचों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन जब हमारे दिन आएंगे तो फिर यह ब्याज ही नहीं बल्कि चक्रवृद्धि ब्याज लगाकर वसूल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम आपके दुश्मन नहीं थे और अब भी नहीं है। न ही हमने हिंदू धर्म छोड़ है। मैं मोदी के खिलाफ नहीं हूं। हम 25-30 वर्ष साथ रहे लेकिन अच्छे कार्य नहीं हुए इसलिए साथ छोड़ दिया।

Created On :   5 Feb 2024 2:29 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story