आक्रोश: फ्लाइट की लेटलतीफी, दोहा से आए, मुंबई में अटके,गुस्साए यात्रियों का हंगामा

फ्लाइट की लेटलतीफी, दोहा से आए, मुंबई में अटके,गुस्साए यात्रियों का हंगामा
  • दो दिन मुंबई में रुके रहे नागपुर के 30 यात्री
  • शनिवार को भी फ्लाइट में जगह न देने पर बिफरे
  • 2 घंटा देरी से पहुंची एयर इंडिया की उड़ान

डिजिटल डेस्क, नागपुर । दोहा से मुंबई आए नागपुर के 30 यात्रियों को फ्लाइट में जगह न मिलने के कारण दो दिनों तक मुंबई में ही रुकना पड़ा। यात्रियों के सब्र का बांध टूट पड़ा, जब तीसरे दिन भी उन्हें एयर इंडिया की मुंबई-नागपुर उड़ान में बैठने नहीं दिया गया। शनिवार शाम को इन सभी यात्रियों ने मुंबई एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। हंगामे के चलते शाम 7.20 को मुंबई से नागपुर के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की उड़ान संख्या 629 को 2 घंटे तक मुंबई में ही रूकना पड़ा। हंगामे के बाद उन्हें एयर इंडिया की इस उड़ान में जगह दी गई। रात 9 बजकर 44 मिनट पर फ्लाइट ने नागपुर के लिए उड़ान भरी। देर रात तक सभी यात्री नागपुर पहुंचे।

नागपुर में रनवे की लाइट बंद होने से अटके थे यात्री : नागपुर के डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल के रनवे के लाइट शुक्रवार शाम बंद हो गए थे, जिससे शुक्रवार शाम को सभी विमानों के आवागमन में देरी हुई। दोहा से मुंबई आए नागपुर के 30 मुस्लिम भाई शुक्रवार, 12 अप्रैल को एयर इंडिया की फ्लाइट से नागपुर आने वाले थे, लेकिन रनवे बंद होने के कारण वे नागपुर नहीं आ पाए। शनिवार को भी इन यात्रियों को एयर इंडिया की फ्लाइट क्रमांक एआई 629 से नागपुर लाने से मना कर दिया। संतप्त यात्रियों ने कुछ देर मुंबई एयरपोर्ट पर हंगामा किया। एयर इंडिया द्वारा उन यात्रियों को बताया गया कि फ्लाइट की टिकट फुल है, इसीलिए आज भी आपको वापस जाना होगा। हंगामे के बाद सभी यात्रियों को नागपुर के लिए रवाना किया गया। देर रात यह उड़ान नागपुर पहुंची।

रनवे की बत्ती गुल होने से छूटी लंदन की फ्लाइट : शुक्रवार को रनवे की बत्ती गुल होने के कारण नागपुर से मुंबई और वहां से लंदन जाने वाले यात्रियों की फ्लाइट चूक गई। नागपुर के राजेश देवतले (बदला हुआ नाम) ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता शनिवार को मुंबई से लंदन के लिए रवाना होने वाले थे, लेकिन नागपुर विमानतल के रनवे की बत्ती गुल होने के कारण उनका नियोजन बिगड़ गया।


Created On :   14 April 2024 8:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story