Nagpur News: मनपा का हाईकोर्ट में शपथ-पत्र, दो कचरा संकलन एजेंसियों पर 19.70 करोड़ का जुर्माना

मनपा का हाईकोर्ट में शपथ-पत्र, दो कचरा संकलन एजेंसियों पर 19.70 करोड़ का जुर्माना
  • गंदगी फैलाने वालों से 50.48 लाख जुर्माना वसूल
  • कचरा संकलन के लिए 466 वाहन

Nagpur News. शहर की सफाई व्यवस्था और घर-घर से कचरा संकलन में लापरवाही बरतने वाली दो निजी एजेंसियों, "एजी एनवायरो' और "बीवीजी इंडिया' पर मनपा ने बड़ी कार्रवाई की है। बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ में दायर शपथ-पत्र में मनपा ने खुलासा किया है कि 16 नवंबर 2019 से जनवरी 2026 तक अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने पर इन दोनों कंपनियों से जुर्माने के तौर पर 19.70 करोड़ की राशि वसूली गई है। कचरा गाड़ियों की जीपीएस निगरानी के आधार पर यह जुर्माना उनके मासिक बिलों से काटा गया है।

अदालत ने मांगा था जवाब

शहर की खराब स्वच्छता व्यवस्था को उजागर करने वाली विभिन्न अखबारों में प्रकाशित खबरों पर स्वतः संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट में इस मुद्दे पर जनहित याचिका दायर की गई। पिछली सुनवाई में अदालत ने कहा था कि शहर की सफाई पर हर महीने लगभग 8 से 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं, इसके बावजूद जमीनी स्थिति संतोषजनक नहीं है। ऐसे में कचरा प्रबंधन के मानकों का पालन न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर अदालत ने मनपा से जवाब मांगा था।

अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन : अदालत के आदेश के पालन में मनपा ने शपथ-पत्र दाखिल कर बताया कि एजेंसियों द्वारा तैनात कचरा वाहनों की जीपीएस निगरानी के आधार पर संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय उनके बिल तैयार करता है। अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन होने पर हर महीने के बिल में जुर्माना प्रस्तावित कर उसे वसूला जाता है। इसी के तहत ‘एजी एनवायरो’ को 301.14 करोड़ रुपये के भुगतान के विरुद्ध 10.33 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि ‘बीवीजी इंडिया’ से 294.81 करोड़ रुपये के भुगतान के मुकाबले 9.37 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है। न्यायालय मित्र के रूप में यशोवर्धन सांबरे और मनपा की ओर से एड. गिरीश कुंटे पैरवी कर रहे हैं।

कचरा संकलन के लिए 466 वाहन : शहर को 10 जोनों में बांटकर डोर-टू-डोर कचरा संकलन किया जा रहा है। इसके लिए 466 से अधिक टाटा एस वाहनों और लगभग 92 कॉम्पेक्टर्स का उपयोग किया जा रहा है।

तीन वर्षों में 93316 शिकायतें : मनपा ने बताया कि 2022 से मार्च 2026 तक उसे विभिन्न माध्यमों से कुल 93,316 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 38,643 शिकायतें कचरा संकलन और सफाई से संबंधित थीं। इनमें से 37,952 शिकायतों का समाधान कर दिया गया है। नागरिक "माय नागपुर’ ऐप और वाट्सएप चैटबॉट के जरिए भी अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।

गंदगी फैलाने वालों से 50.48 लाख जुर्माना वसूल

मनपा ने शहर में 446 "ब्लैक स्पॉट्स (कचरा प्रदूषण के लिए संवेदनशील स्थान) की पहचान की थी, जिनमें से 229 को अब तक पूरी तरह साफ कर दिया गया है। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर लगाम कसने के लिए 146 पूर्व सैनिकों का "न्यूसेंस डिटेक्शन स्क्वाड' (एनडीएस) तैनात किया गया है, जिसने वर्ष 2025 में 50.48 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। भांडेवाड़ी डंपिंग यार्ड में कचरे के वैज्ञानिक निपटान और बायो-माइनिंग का कार्य भी प्रगति पर है।


Created On :   6 April 2026 8:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story