असुविधा: यात्रीगण कृपया ध्यान दें — नागपुर रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म नंबर 2 रहेगा 52 दिनों के लिए बंद, यात्रियों को होगी परेशानी

यात्रीगण कृपया ध्यान दें — नागपुर रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म नंबर 2 रहेगा 52 दिनों के लिए बंद, यात्रियों को होगी परेशानी
  • 8 अप्रैल 2026 से 29 मई 2026 तक स्टेशन का प्लेटफॉर्म क्रमांक 2 बंद
  • लगभग 52 दिनों की इस अवधि में सभी ट्रेनों का संचालन प्लेटफॉर्म संख्या 3 से होगा

Nagpur News. रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहा है। 8 अप्रैल 2026 से 29 मई 2026 तक स्टेशन का प्लेटफॉर्म क्रमांक 2 विकास कार्य के कारण बंद रहेगा। लगभग 52 दिनों की इस अवधि में सभी ट्रेनों का संचालन प्लेटफॉर्म संख्या 3 से किया जाएगा, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। यह कार्य रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) और मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के समन्वय से किया जा रहा है। इसे गोंदिया स्टेशन पर चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के साथ जोड़ा गया है, ताकि रेल संचालन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े और कार्य सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके।

इस दौरान कोई भी ट्रेन पूरी तरह निरस्त नहीं की जाएगी, लेकिन कुछ स्पेशल ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 01140 मडगांव–नागपुर स्पेशल (गुरुवार और रविवार) 9 अप्रैल से 28 मई तक अजनी स्टेशन पर आंशिक रूप से समाप्त होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 01139 नागपुर–मडगांव स्पेशल (बुधवार और शनिवार) 8 अप्रैल से 27 मई तक नागपुर के बजाय अजनी स्टेशन से प्रारंभ होगी। इससे मडगांव की ओर जाने वाले यात्रियों को अजनी में उतरना होगा, जबकि नागपुर आने वाले यात्रियों को वहीं से ट्रेन पकड़नी होगी।

इसके अलावा, कुछ लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों को नागपुर होकर नहीं चलाया जाएगा और उन्हें वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जाएगा। इनमें हैदराबाद–गोरखपुर और केएसआर बेंगलुरु–लाल कुआं/दानापुर मार्ग की ट्रेनें शामिल हैं, जो अब वर्धा–बडनेरा–चांदूर बाजार–नरखेड़–इटारसी रूट से दोनों दिशाओं में चलेंगी।

इसके साथ ही, अयोध्या कैंट–रामेश्वरम, छपरा–एमजीआर चेन्नई सेंट्रल, शालीमार–लोकमान्य तिलक टर्मिनस, शालीमार–ओखा और शालीमार–पोरबंदर एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनों को मार्ग में 10 मिनट से लेकर 2 घंटे तक विनियमित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है।

यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण के लिए केवल वैध टिकट धारकों को ही प्लेटफॉर्म पर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले प्लेटफॉर्म संख्या और समय में हुए बदलाव की जानकारी अवश्य लें। अधिक जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क किया जा सकता है।

Created On :   6 April 2026 5:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story