- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- चुनाव तैयारी के लिए कार्यकर्ता...
रणनीति: चुनाव तैयारी के लिए कार्यकर्ता तैयार करने पर जोर देगी शिवसेना शिंदे, मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने का ऐलान

Nagpur News. महायुति में शामिल शिवसेना शिंदे ने अपने बल पर चुनाव तैयारी की शुरुआत की है। विधानसभा या लोकसभा चुनाव के लिए भले ही अभी काफी समय है लेकिन पार्टी की रणनीति है कि वह जल्द ही अपनी संगठनात्मक ताकत बढ़ा लें। कम से कम गठबंधन की राजनीति में मोलभाव की मजबूत स्थिति को पा सकें। योजना के तहत ऐसे कार्यकर्ता तैयार किए जाएंगे जो न केवल संगठन का कार्य करें बल्कि विविध चुनावों के लिए सक्षम उम्मीदवार भी साबित हो। इसके लिए एसआईआर अर्थात मतदाता सूची संबंधी विशेष गहन पुनरीक्षण के अभियान के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। रविवार को देशपांडे सभागृह में शिवसेना शिंदे के पूर्व विदर्भ विभागीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। विभागीय संपर्क प्रमुख डॉ.दीपक सावंत, मनीषा कायंदे, नागपुर लोकसभा संपर्क प्रमुख संजय निरुपम, राज्यमंत्री आशीष जैस्वाल, उपनेता कृपाल तुमाने, विदर्भ संगठक किरण पांडव, जिला प्रमुख सूरज गोजे , मंगेश काशीकर, शरद सरोदे, धीरज फंदी सहित अन्य प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने के टिप्स दिए गए।
सीटें बढ़ेगी
पार्टी नेताओं ने कहा कि नए परिसीमन के तहत लोकसभा व विधानसभा की सीटें बढ़ना तय है। राज्य में लोकसभा की 60 व विधानसभा की 350 सीटें हो सकती है। 33 प्रतिशत महिला आरक्षण भी लागू होगा। ऐसे में संगठन मजबूत होगा तो न केवल सभी सीटों पर चुनाव लड़ा जा सकेगा अपितु गठबंधन के लिए भी मजबूती के साथ अपना पक्ष रखा जा सकेगा। शिविर में शिवसैनिकों को एसआईआर अभियान के दौरान चुनाव आयोग के बीएलओ के साथ पार्टी के बूथ निहाय बीएलए की नियुक्ति 6 दिनों के भीतर नियुक्त करने का निर्देश दिया गया। एसआईआर की पूरी प्रक्रिया समझाते हुए विश्वनाथ केलकर ने कहा कि, शिवसैनिक इसे मतदाताओं के बीच अपनी पकड़-पहचान बनाने का स्वर्णिम अवसर समझ कर कार्य करें।
दिखावा नहीं
शिवसेना कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे राजनीतिक दिखावे से बचें। केवल नेताओं के स्वागत के लिए पहुंचनेवाले कार्यकर्ताओं को संगठन से अलग किया जाएगा। एसआईआर के दौरान पूरी ईमानदारी से कार्य करने वालों को जिम्मेदारीपूर्ण पद दिये जाएंगे। कहा गया कि हर बूथ में 2 बीएलए नियुक्त करने निर्देश स्वयं पार्टी प्रमुख एकनाथ शिंदे ने दिये हैं।
मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी - सावंत
पूर्व विदर्भ संपर्क प्रमुख डाॅ.दीपक सावंत ने कहा कि 2029 चुनाव के पूर्व चुनाव क्षेत्रों पुर्नरचना होने वाली है और सीटें बढ़ेंगी।3 वर्ष में पार्टी को बढ़ाना है, संगठन को मजबूत करना है जिसकी शुरुआत की गई है. मनीषा कायंदे, संजय निरुपम व विधायक कृपाल तुमाने ने भी कहा कि यह पदाधिकारियों का सम्मेलन नहीं बल्कि प्रशिक्षण शिविर है।
पदाधिकारी बनना चाहते हैं पर काम करना नहीं-जैस्वाल
राज्यमंत्री आशीष जैस्वाल ने कहा कि कई कार्यकर्ता पदाधिकारी बनना चाहते हैं लेकिन काम करना नहीं। संगठन विस्तार के कार्य में योगदान देने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा। जो काम नहीं करेगा वह संगठन से बाहर होगा। पार्टी प्रमुख एकनाथ शिंदे प्रत्येक कार्यकर्ता का व्यक्तिगत तौर पर ध्यान रखते हैं।
Created On :   5 April 2026 9:54 PM IST










