Nagpur News: चप्पल की अदला-बदली पर विवाद,तीन लोगों ने मिलकर की युवक की हत्या

चप्पल की अदला-बदली पर विवाद,तीन लोगों ने मिलकर की युवक की हत्या
  • रामटेक में खौफनाक वारदात
  • चार आरोपी गिरफ्तार

Nagpur News तहसील के सोनेघाट ग्राम पंचायत के चौगान क्षेत्र स्थित सोना ब्रिक्स ईंट भट्ठे में 5 अप्रैल को रात करीब 8 बजे एक मामूली विवाद पर 18 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या की चौंकाने वाली घटना घटी। रामटेक पुलिस ने महज दो घंटे में इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान समीर राजू ध्रुव (निवासी धबाड़ी, जिला बड़ौदा बाजार, छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ मजदूरी करता था।

9 अप्रैल तक पीसीआर : चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। यहां से उन्हें 9 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक नागपुर ग्रामीण हर्ष ए. पोद्दार भी रामटेक पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

यह है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, कुछ युवक 26 मार्च को राम नवमी के अवसर पर गढ़मंदिर, रामटेक दर्शन के लिए गए थे। इस दौरान मंदिर के बाहर रखी चप्पलों में से एक ने दूसरे की चप्पल पहन ली, जिससे दोनों के बीच गलतफहमी पैदा हो गई। अगले दिन जब यह घटना सामने आई, तो दोनों युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बहस बढ़ गई और रविवार रात सोना ब्रिक्स में फिर से भड़क उठी। चार शराबी युवकों ने गुस्से में आकर समीर ध्रुव पर ईंटों और लाठियों से हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत रामटेक उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामटेक पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार कतलाम के मार्गदर्शन में महज दो घंटे में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

चोर कहने को लेकर हुआ झगड़ा : फरियादी ने बताया कि समीर ने आरोपी उमेश निषाद (19) की चप्पल गलती से पहन ली थी। इस पर उमेश ने समीर को चोर कहा। यह बात पता चलने पर 5 अप्रैल की शाम समीर ध्रुव और फरियादी समीर नैताम उमेश निषाद के पास पहुंचे और कहा कि तूने चोर क्यों कहा? इस पर उमेश बौखला गया और अन्य आरोपी गणेश निषाद (37), सुनील निषाद (29), इतवारी निषाद (35), के साथ मिलकर समीर पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।


Created On :   7 April 2026 12:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story