नागपुर: एयरपोर्ट पर रनवे की बत्ती गुल, विमानतल पर रही अफरा-तफरी- उड़ानें हुईं ठप

एयरपोर्ट पर रनवे की बत्ती गुल, विमानतल पर रही अफरा-तफरी- उड़ानें हुईं ठप
  • 2 उड़ानें डाइवर्ट, कई उड़ानों का परिचालन घंटों लेट
  • विमानतल पर रही अफरा-तफरी
  • सैकड़ों यात्रियों ने किया हंगामा

डिजिटल डेस्क, नागपुर. डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रनवे की बत्ती शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे गुल होने से अंधेरा छा गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर उतरने वाली उड़ानों को नजदीकी एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। विमानों में देरी के कारण यात्रियों में नाराजगी थी। अंधेरा होने से इंदौर से नागपुर आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान संख्या 6ई 7744 को रायपुर डायवर्ट किया गया, जबकि नाशिक-नागपुर-लखनऊ की इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 7467 को भिलाई एयरपोर्ट पर उतारा गया। शाम 6 से रात 8.30 बजे तक एयरपोर्ट का परिचालन पूरी तरह बंद रहा। नागपुर आने वाली उड़ानों को उनके गंतव्य पर ही रोक दिया गया, जिससे कई उड़ानें घंटों देरी से उड़ान भरीं। रात 9:32 बजे मुंबई से नागपुर आने वाली एयर इंडिया की उड़ान संख्या 629 ने टेक ऑफ किया। यह उड़ान आमतौर पर 8 बजकर 9 मिनट पर नागपुर में उतरती है।

यात्रियों को देरी का कारण नहीं बताया गया

रनवे की लाइट बंद होने से एयरपोर्ट प्रशासन में खलबली मच गई थी। केबल को दुरुस्त करने में करीब 2 से 3 घंटे लगे। विमानों की देरी से परेशान करीब 400 यात्रियों ने शाम 7 से 8 बजे के दौरान एयरपोर्ट पर हंगामा किया। आम तौर पर विमान के उड़ान से संबंधित जानकारी एसएमएस के जरिए यात्रियों काे दी जाती है, लेकिन संबंधित एयरलाइंस कंपनी ने यात्रियों को सूचित नहीं किया। सभी यात्रियों को चेक-इन के बाद उड़ान में विलंब की जानकारी दी गई। देरी का कारण भी यात्रियों को नहीं बताया गया।

सोशल मीडिया पर दी प्रतिक्रिया

विमानों की देरी के कारण एयरपोर्ट पर अटके यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा निकाला। विमान के उड़ान भरने के एक से डेढ़ घंटे पहले से कई यात्री एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। उन्हें 4 से 5 घंटे इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यदि सही समय पर विमान ने उड़ान भरी होती, तो अब तक वे गंतव्य तक पहुंच गए होते।

Created On :   13 April 2024 2:51 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story