सम्मेलन: भाजपा युवा मोर्चा के महासम्मेलन में शामिल हुए स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी

भाजपा युवा मोर्चा के महासम्मेलन में शामिल हुए स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी
  • कांग्रेस की नीति-नीयत पर प्रहार
  • फडणवीस बोले-भाजपा को नहीं, भारत को जिताना है
  • गडकरी ने की कांग्रेस की आलोचना, कहा मनमोहन के समय गूंगी बहरी सरकार थी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लोकसभा चुनाव में युवाओं से भाजपा को मतदान करने के आह्वान के साथ भाजपा युवा मोर्चा की ओर से नमो युवा महासम्मेलन का आयोजन किया गया। केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी की उपस्थिति में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी व उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस की नीति व नीयत पर जमकर प्रहार किया। रातुम विद्यापीठ के मैदान में सोमवार को महासम्मेलन में विदर्भ के विविध क्षेत्रों से स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी शामिल हुए थे।

नई शिक्षा नीति का लाभ युवाओं को : उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आक्रामक अंदाज में कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा- इंदिरा गांधी ने देश से गरीबी हटाने का नारा दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबी हटाने का काम किया। नई शिक्षा नीति का लाभ युवाओं को मिल रहा है। एमबीबीएस, इंजीनियरिंग, एमबीए जैसे पाठ्यक्रमों की शिक्षा के लिए अंगरेजी अनिवार्य नहीं है। मजबूत व बलशाली भारत तैयार हुआ है। 2024 के चुनाव में भाजपा नहीं, भारत को जिताना है। मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे तो भारत को पीछे नहीं देखना पड़ेगा।

सही नेता के कारण ही देश का विकास : केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने कहा कि जवाहरलाल नेहरु, इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाने का नारा दिया। 20 सूत्रीय, 5 सूत्रीय कार्यक्रमों की घोषणा की, लेकिन घोषणा पर अमल नहीं किया। मनमोहन के समय देश में गूंगी बहरी सरकार थी। नीति आयोग की रिपोर्ट में कहा गया है कि 10 वर्ष में देश में 25 प्रतिशत जनसंख्या गरीबी रेखा से ऊपर आई है। सही नीति व सही नेता के कारण ही देश का विकास होगा। नागपुर में मिहान शुरू किया गया तो कांग्रेस के लोगों ने विरोध किया था। मोदी के नेतृत्व में हर वर्ग का विकास हो रहा है। स्मार्ट विलेज बन रहे हैं। किसान अन्नदाता ही नहीं ऊर्जादाता बनेगा।

विदर्भ में विवश थी किसान परिवार की महिलाएं : केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस के राज में विदर्भ में किसान परिवार काफी संकट में था। भरण-पोषण के लिए किसान परिवार की बहू-बेटी जेवर बेचने को विवश थी। गडकरी के कार्यों की बार-बार सराहना करते हुए ईरानी ने कहा-अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के समय गडकरी ने गांवों तक प्रधानमंत्री-सड़क पहुंचायी। अब महामार्ग बना रहे हैं। भाजयुमो में देवेंद्र फडणवीस के साथ संगठनात्मक कार्यों की स्मृति व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव के समय निराधार प्रचार अधिक करती है। भाजयुमो के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल लोणीकर ने भी संबोधित किया। आभार बादल राऊत ने माना।

खास बातें : सभा के आरंभ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने स्मृति ईरानी को भाजपा की फायर ब्रांड नेता ‘सुषमा स्वराज’ कहा। बाद में उन्होंने भूल नहीं दोहरायी।

सभा आरंभ होने के कुछ समय बाद गडकरी मंच पर पहुंचे। उनके समर्थन में नारे लगाए गए-नागपुर का शेर आया।

मराठा महासंघ शिरीष राजे शिर्के, प्रवीण शिर्के, स्वामी समर्थ नेत्रालय के मोहन खराबे, विशाल मानापुर, युवा सेना उबाठा के पंकज अहिरराव, सचिन रारोकर ने भाजपा में प्रवेश लिया।

अमरावती की निर्दलीय सांसद नवनीत राणा भी मंच पर थीं। राणा के समर्थन में परिसर में बड़े पैमाने पर पोस्टर लगे थे।

विविध क्षेत्रोें के 5 प्रतिभाशाली कार्यकर्ताओं का सत्कार किया गया। इनमें पुलिस, अभिनेत्री, खिलाड़ी, सोशल मीडिया एक्सपर्ट, आईटी उद्यमी शामिल थे।

Created On :   5 March 2024 5:49 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story