गिरफ्तारी: जेल से बाहर आते ही जिस युवती से दुष्कर्म किया, उसे कार से कुचलने का किया प्रयास

जेल से बाहर आते ही जिस युवती से दुष्कर्म किया, उसे कार से कुचलने का किया प्रयास
  • गिरफ्तार आरोपी दुराचार के आरोप में जेल में बंद था
  • एक माह पहले ही जमानत पर छूटकर आया था
  • सोशल साइड पर हुई थी दोनों की पहचान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दुष्कर्म पीड़िता को कार से कुचलकर जान से मारने का प्रयास किया गया। गिट्टीखदान क्षेत्र में हुई इस घटना से कुछ समय के लिए हड़कंप मचा रहा। प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को उसे अदालत में पेश कर पुलिस की रिमांड पर लिया गया है।

आरोपी ट्रांसपोर्ट व्यापारी है : पीड़िता (23) पढ़ती है। वर्ष 2020 में इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान ट्रांसपोर्ट व्यापारी राज उर्फ राघवेंद्र राधेश्याम यादव (31), वासुदेव नगर स्थित एेश्वर्या रेसीडेंसी निवासी से हुई। राज ने युवती को प्रेम संबंधों में फांस लिया और हिंगना क्षेत्र में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी युवक शादीशुदा है । पीड़िता ने जब शादी करने के लिए दबाव बनाया, तो राज ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने 5 दिसंबर 2023 को राज के खिलाफ हिंगना थाने में दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कराया। इस मामले में गिरफ्तारी के बाद राज को जेल भेज दिया गया। 10 जनवरी 2024 को ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद से वह पीड़िता से बदला लेने की तैयारी में था।

पीड़िता तेलंगखेड़ी में मंदिर में गई थी : सोमवार को रात करीब 7.45 बजे पीड़िता तेलंगखेड़ी स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने गई थी। वहां आरोपी राज की उस पर नजर पड़ी, तो पीड़िता वापस घर जाने लगी। राज ने अपनी कार (एम.एच.-31-एफ.ए.-5269) से पीड़िता का पीछा किया और आईबीएम रोड से टीवी टावर के बीच ढलान पर पीछे से पीड़िता के दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी और वहां से कार सहित फरार हो गया। जख्मी पीड़िता को लोगों ने उठाया और सड़क किनारे बिठाया। लोगों ने ही पुलिस को सूचना दी। उपनिरीक्षक डाकेवार ने मामला दर्ज कर आरोपी राज को गिरफ्तार किया। मंगलवार को उसे अदालत में पेश कर पुलिस की रिमांड पर लिया गया है। घटना से युवती दहशत में है।


Created On :   14 Feb 2024 9:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story