क्राइम: फेसबुक फ्रेंड ने किशोरी को किया अगवा, माता-पिता को दी हत्या करने की धमकी

फेसबुक फ्रेंड ने किशोरी को किया अगवा, माता-पिता को दी हत्या करने की धमकी
  • वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की गई जान
  • गोदाम से 6.20 लाख रुपए चोरी

डिजिटल डेस्क, नागपुर. फेसबुक फ्रेंड ने किशोरी को अगवा कर उसे घर ले जाकर बंधक बनाकर रखा तथा उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा था। नंदनवन थाने में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पीड़ित 16 वर्षीय किशोरी है। आरोपी फेसबुक फ्रेंड पीयूष करण निलपाल (21), लष्करीबाग निवासी है। कुछ दिन पहले पीड़िता व पीयूष की फेसबुक पर पहचान हुई। उसके बाद पीयूष, किशोरी से एकतरफा प्रेम करने लगा। आते-जाते उसका पीछा करने लगा। इसकी भनक लगने पर पीड़िता के पिता ने पीयूष को फटकारा, तो उसने उन्हें ही जान से मारने की धमकी दी। एकतरफा प्रेम के चलते पीयूष ने शुक्रवार को दोपहर करीब 2 बजे मौका मिलते ही किशोरी को अगवा किया और उसे अपने घर ले गया। इसका पता चलने पर किशोरी के माता-पिता आरोपी के घर पहुंचे और बेटी को साथ ले जाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उन्हें रोक दिया। घटना की पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन जब तक पुलिस आरोपी के घर पहुंचती, वह घर से भाग गया। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पीयूष के खिलाफ विविध धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की गई जान

जख्मी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उसे किसी वाहन ने उड़ा दिया था। हादसे के बाद चालक वाहन सहित भाग गया। रविवार को नई कामठी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। मृतक कामठी निवासी अब्दुल सत्तार शेख रहमान (65) है। 7 फरवरी को रात करीब 9 बजे वह कामठी रोड पर एक लॉन के सामने से जा रहा था। उस दौरान अज्ञात वाहन चालक ने अब्दुल को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल हुए अब्दुल को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई। अब्दुल के भाई इकबाल की शिकायत पर फरार आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

गोदाम से 6.20 लाख रुपए चोरी

वाड़ी क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम से अज्ञात चोर अलमारी से नकद 6.2 लाख रुपए चुरा ले गए। पुलिस के अनुसार महाबलीपुरम, नंदनवन निवासी सुनील हजारीलाल विश्नोई (37) ने वाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि, प्लाॅट नं.-23, मत्स्यगंधा गृहनिर्माण सोसाइटी, खड़गांव रोड पर ऊंझा-रायपुर ट्रांसपोर्ट कंपनी में वह प्रबंधक हैं। उन्होंने गोदाम के कार्यालय की अलमारी में कंपनी के नकद 6.20 लाख रुपए रखे थे। 10 फरवरी को अज्ञात चोर गोदाम में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर रुपए चुरा ले गया। उपनिरीक्षक पाठक ने धारा 454, 380 के तहत मामला दर्ज किया है।

Created On :   12 Feb 2024 1:28 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story