लकड़गंज में आग का तांडव, 5 आरामशीनें हुईं खाक

लकड़गंज में आग का तांडव, 5 आरामशीनें हुईं खाक
  • 16 घंटे की मशक्कत के बाद पाया नियंत्रण
  • 5 आरामशीनें हुईं खाक
  • लाखों रुपए की सामग्री का नुकसान

डिजिटल डेस्क, नागपुर. लकड़गंज परिसर में सुबह-सुबह आग ने तांडव मचाया। देखते ही देखते 5 आरामशीनें और परिसर में रखी लाखों रुपए की लकड़ी आग की भेंट चढ़ गई। सुबह 4.45 बजे लगी आग ने रौद्र रूप धारण करने पर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। अग्निशमन दल के जवानों ने काफी मशक्कत कर आग पर नियंत्रण पाया।

लकड़गंज परिसर धुआं-धुआं

लकड़गंज पुलिस थाने से चंद दूरी पर आरामशीन में आग लगने से अफरा-तफरी मची रही। आरामशीन परिसर में लकड़ी फैली रहने से आग ने देखते ही देखते रौद्र रूप धारण कर लिया और परिसर की पांच आरामशीनों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से परिसर धुआं-धुआं हाे गया। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने से परिसर के लोग दहशत में आ गए। आग कहां तक फैलेगी, यह अंदाजा नहीं लगा पाने से आसपास के लोग जान बचाने के लिए घरों के बाहर निकल पड़े। आरामशीनों के साथ परिसर में रखी लाखों रुपए कीमत की लकड़ियां तथा अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। आग की सूचना मिलने पर अग्निशमन दल के 8 वाहन घटना स्थल पर पहुंचे। सुबह पौने पांच बजे लगी आग को बुझाने रात पौने नौ बजे तक अग्निशमन दल मशक्कत करता रहा। 16 घंटे मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया जा सका।

Created On :   22 Jun 2023 2:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story