- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 58 करोड़ की धोखाधड़ी में टैक्स चोरी...
58 करोड़ की धोखाधड़ी में टैक्स चोरी करने का संदेह

डिजिटल डेस्क, नागपुर। इनकम टैक्स ने गोंदिया के अनंत जैैन द्वारा ऑनलाइन गेम के माध्यम से की गई 58 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में पुलिस को पत्र लिखकर जानकारी मांगी है। इस मामले में कर चोरी होने का संदेह इनकम टैक्स को है। विभाग ने पहले वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से संपर्क कर मामले की जानकारी मांगी थी। जब जानकारी नहीं मिली, तो पत्र लिखा। गुरुवार शाम तक पुलिस से अधिकृत रूप से इनकम टैक्स तक जानकारी नहीं पहुंची थी।
जेवरातों की संबंधितों से मांगी जा सकती हैं रसीदें : इनकम टैक्स के सूत्रों ने बताया कि, अपराध की जांच पुलिस करेगी। हमारी जांच पैसे के लेन-देन, बैंक खाता, बेनामी खाते व राशि आैर जो ट्रांजेक्शन हुए, वे आयकर नियमों के मुताबिक हुए या नहीं, यह देखा जाएगा। पीड़ित लोगों से पूछताछ की जाएगी। जितने पीड़ित होंगे, उन सबसे पैसे का हिसाब मांगा जाएगा। इतनी बड़ी राशि का लेन-देन होते समय क्या टैक्स चोरी हुई, यह भी देखा जाएगा। आयकर नियमों के उल्लंघन की बात सामने आने पर संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस से पूरे मामले की जानकाारी मांगी गई है। इनकम टैक्स अधिकारी नकदी के साथ ही सोने-चांदी के बारे में भी पूछताछ करेंगे। जेवरातों की रसीदें मांगी जा सकती है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। इनकम टैक्स की अन्वेषण टीम के अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
क्या है नियम : पुलिस की कार्रवाई में 10 लाख से अधिक की नकदी मिलने पर इनकम टैक्स अपने स्तर पर जांच कर सकता है। इनकम टैक्स का एंगल टैक्स चोरी का रहेगा। नकद हो या आभूषण, टैक्स भरकर किया गया व्यवहार वैध होता है। ताजा मामले में जेवरात भी काफी मिले हैं, इसलिए नकदी के साथ जेवरात का भी हिसाब संबंधितों से मांगा जाएगा।
Created On :   28 July 2023 4:30 PM IST