- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 938 करोड़ रुपए के बकाया कर वसूली को...
Nagpur News: 938 करोड़ रुपए के बकाया कर वसूली को लेकर मनपा ने तेज किया अभियान

- 106 संपत्तियों की नीलामी आरंभ
- 4.6 लाख संपत्ति धारकों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई
Nagpur News महानगरपालिका के संपत्ति कर विभाग से शहर में बकाया संपत्ति कर वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। इस प्रक्रिया में करीब 2 करोड़ रुपए के संपत्ति कर वसूली के लिए 106 संपत्तियों की नीलामी प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। हालांकि शहर में पिछले आर्थिक वर्ष 2024-25 में कर भुगतान नहीं करने वाले 4.6 लाख संपत्ति धारकों पर कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है। प्रलंबित संपत्ति कर 938.7 करोड़ रुपए तक पहुँच गया है।
मनपा अंतर्गत शहर भर में करीब 6.87 लाख संपत्तियों में से करीब 4.6 लाख संपत्तियों से कर वसूल नहीं हो पाया है। पिछले साल 2024-25 में 325 करोड़ रुपए कर संकलन का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन तमाम प्रयास के बाद भी केवल 300 करोड़ रुपए ही वसूल हो पाया था। ऐसे में अब संपत्ति कर विभाग ने कर वसूली अभियान को तेज कर दिया है। हाल ही में 2 करोड़ रुपए की बकाया रकम की वसूली के लिए 106 संपत्तियों की नीलामी प्रक्रिया आरंभ की गई, इसमें सबसे अधिक मंगलवारी जोन में 67 संपत्तियांे का समावेश है। इन संपत्तियों से 1.39 करोड़ रुपए की वसूली की जानी है। दूसरे स्थान पर 27 संपत्तियों के साथ सतरंजीपुरा जोन में 16.13 लाख रुपए वसूल होना हैं।
अतिरिक्त आयुक्त से समीक्षा : मनपा की अतिरिक्त आयुक्त वैष्णवी बी. ने संपत्ति कर विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर उपायुक्त मिलिंद मेश्राम, उपायुक्त अशोक गराटे, हरीश राउत, नरेंद्र बावनकर, विकास रायबोले, विजय थूल, धनंजय जाधव, प्रमोद वानखेडे, स्नेहलता कुंभार, सतीश चौधरी, समेत 10 जोन के कर संग्राहक एवं कर अधीक्षक उपस्थित थे। शहर कर संकलन की प्रक्रिया को तेज करने के साथ ही अब तक बकाया कर वसूली की जानकारी ली गई। नागरिकों को कर वसूली के लिए डिमांड भेजने, आनलाइन और आफलाइन प्रक्रिया से कर संकलन का जायजा लिया गया।
Created On :   7 Aug 2025 3:43 PM IST