- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- बंटी और बबली ने की धोखाधड़ी, शेयर...
Nagpur News: बंटी और बबली ने की धोखाधड़ी, शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 10 निवेशकों से 1.29 करोड़ की ठगी - शिकायत दर्ज

- शेयर ट्रेडिंग के नाम पर दिया झांसा
- रकम लेकर रफूचक्कर हो गए
- करारनामे पर आरोपी दंपति ने हस्ताक्षर किए
Nagpur News. अजनी थानांतर्गत एक और बंटी-बबली की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यह दंपति 10 निवेशकाें से शेयर ट्रेडिंग में निवेश कराकर उनकी करीब 1.29 करोड़ की रकम हजम कर फरार हो गए। आरोपी रवि विष्णु मनाेहरे (38) और उसकी पत्नी स्वाति (37), सावित्रीबाई फुले नगर, मानेवाडा रोड, अजनी निवासी है। शिकायत अजनी थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार आशीर्वाद नगर, हुडकेश्वर निवासी वृषभ दीपक दुबे (30) ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर दिया झांसा
शिकायतकर्ता वृषभ की दोस्त के माध्यम से जुलाई 2023 में आरोपी रवि मनाेहरे से पहचान हुई। वृषभ, आरोपी रवि से सरस्वती पैलेस अपार्टमेंट, ग्राउंड फ्लोर, वंजारी नगर में मिला। यहां रवि का आना ट्रेडिंग हाउस नामक कार्यालय था। रवि ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर निवेशकों से रकम लेता था। आरोपी ने वृषभ को शेयर मार्केट में कैसे फायदा होता है, इस बारे में समझाया। उसने वृषभ को निवेश करने पर 7 प्रतिशत लाभ दिलाने का झांसा दिया। इसके िलए उसने वृषभ के साथ बकायदा करारनामा किया।
करारनामे पर आरोपी दंपति ने हस्ताक्षर किए
करारनामा पर खुद और पत्नी स्वाति ने हस्ताक्षर किए। आरोपी दंपति ने वृषभ से 3 लाख रुपए लिए। इसके बाद उन्हें हर माह लाभ दिलाया। मूल रकम का पीडीसी (पोस्ट डेटेड चेक) चेक दिया। वृषभ को फायदा दिखाई देने पर उसने अपने बाकी दोस्तों को इस बारे में बताया। दोस्तों ने उसे निवेश करने के लिए रकम दी। वृषभ ने यह रकम आरोपी दंपति को दी। वृषभ और उसके 9 साथी निवेशकों ने दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 तक करीब 2,65,10,000 रुपए आरोपी दंपति के पास जमा किए। इसमें से करीब 1,35,60,900 रुपए आरोपी दंपति ने निवेशकों को वापस दी।
रकम लेकर रफूचक्कर हो गए
बाकी रकम वापस देने में टालमटोल करने लगे। आरोपी दंपति ने करीब 1,29,49,100 रुपए वापस नहीं किए और यह रकम लेकर रफूचक्कर हो गए हैं। वृषभ और उसके दोस्तों ने अजनी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी रवि मनोहरे और स्वाति मनोहरे के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Created On :   16 Nov 2025 7:52 PM IST













