- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जीएसटी में बदलाव से व्यापार को...
Nagpur News: जीएसटी में बदलाव से व्यापार को मिलेगा बढ़ावा , छोटी फर्मों को मिलेगी राहत

- सीजीएसटी के मुख्य आयुक्त संदीप पुरी ने वीआईए में साझा किए विचार
- अनुपालन में वृद्धि और विवादों में कमी लाने में काफी मदद मिलेगी
Nagpur News जीएसटी में किए गए बदलाव और सरलीकरण से व्यापार विस्तार, अनुपालन में वृद्धि और विवादों में कमी लाने में काफी मदद मिलेगी। जीएसटी 2.0 देश भर की प्रमुख कंपनियों को महत्वपूर्ण राहत प्रदान करेगा और छोटी फर्मों को भी लाभ पहुंचने की उम्मीद है। इससे लागत में कमी आएगी, जिससे निर्यात में प्रतिस्पर्धात्मक लाभ मिलेगा। इन सुधारों के लाभ व्यापार क्षेत्र को हस्तांतरित होंगे। यह विचार सीजीएसटी, केंद्रीय उत्पाद शुल्क और सीमा शुल्क के मुख्य आयुक्त संदीप पुरी ने व्यक्त किए। वीआईए ऑडिटोरियम में विदर्भ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (वीआईए) टैक्सेशन एंड कॉरपोरेट लॉ फोरम और विदर्भ टैक्स प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन के सहयोग से एक इंटरैक्टिव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वे बोल रहे थे।
नई प्रणाली सरल और आसान : विकास की गति बनाए रखने सकारात्मक योगदान जरूरी : उन्होंने कहा कि, विभाग पारदर्शिता और राजस्व वृद्धि पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और इसकी वृद्धि दर अन्य देशों की तुलना में अधिक है। इस विकास की गति को बनाए रखने के लिए उद्योग और व्यापार को सकारात्मक योगदान देना होगा। सरकार ने कई सुधार लागू किए हैं और जीएसटी प्रणाली को करदाता-अनुकूल बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। जीएसटी 2.0 को इन उद्देश्यों को ध्यान में रखकर लॉन्च किया गया है।
कटौती का लाभ ग्राहकों को मिले : संदीप पुरी ने कहा कि, कर कटौती का लाभ ग्राहकों को मिलना चाहिए। केंद्र सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास कर रही है कि, कम लागत का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचे। वीआईए टैक्सेशन एंड कॉरपोरेट लॉ फोरम के अध्यक्ष सीए अशोक चांडक ने 56वीं जीएसटी परिषद की बैठक के बाद घोषित सुधारों के महत्व पर प्रकाश डाला। वीआईए के अध्यक्ष प्रशांत मोहोता ने संदीप पुरी का स्वागत किया। उपाध्यक्ष सीए नरेश जाखोटिया ने कार्यक्रम का संचालन भी किया। सीए सचिन जाजोदिया ने प्रश्नोत्तर सत्र का संचालन किया। कार्यक्रम में सीजीएसटी, केंद्रीय उत्पाद शुल्क और सीमा शुल्क, नागपुर जोन से प्रधान आयुक्त अतुल कुमार रस्तोगी, अतिरिक्त आयुक्त मुकुल पाटिल, वेंकटेशम अन्नामल्ला, सीसीअो जीएसटी नागपुर सौरभ सुमन के साथ उद्योग प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
Created On :   20 Sept 2025 4:09 PM IST