- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर के मेडिकल हॉस्पिटल में व्हील...
Nagpur News: नागपुर के मेडिकल हॉस्पिटल में व्हील चेयर पर हुई प्रसूति

- कर्मचारियों ने नहीं दिया स्ट्रेचर, मांगा आधार कार्ड
- वार्ड तक पहुंचने के पहले ही बाहर प्रसूति हो गई
Nagpur News शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेडिकल) में शुक्रवार की सुबह एक गर्भवती महिला के लिए परेशानी बनकर अाई। घटना यहां के कर्मचारियों की मनमानी के कारण हुई है। गर्भवती महिला की नाजुक हालत होने के बावजूद कर्मचारियों ने उसे स्ट्रेचर देने से मना किया। कहा कि पहले आधार कार्ड जमा करो, तब स्ट्रेचर मिलेगा। इस चक्कर में महिला को व्हील चेयर पर ले जाया गया। वार्ड तक पहुंचने के पहले ही बाहर उसकी प्रसूति हो गई।
असंवेदनशीलता : अमरावती के कारंजा लाड निवासी इंद्रजीत अपनी गर्भवती पत्नी को लेकर किसी परिचित के यहां आए थे। सुबह करीब 4 से 5 बजे के दौरान महिला काे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। उसे मेडिकल लाया गया। मेडिकल में पहुंचते ही पहले कैज्युअल्टी में प्राथमिक जांच की गई। यहां से उसे वार्ड क्रमांक 69 में रेफर किया गया। यहां भी जांच की जानी थी। महिला की हालत नाजुक थी। वह चल नहीं पा रही थी। कैज्युअल्टी में उपस्थित कर्मचारी से स्ट्रेचर की मांग की गई, लेकिन कर्मचारी ने आधार कार्ड नहीं होने से स्ट्रेचर नहीं दिया गया। इसलिए वहां की व्हील चेयर पर महिला को बिठाया और वार्ड की ओर चल पड़े।
दौड़कर आई डॉक्टर : वार्ड क्रमांक 69 में पहुंचने से पहले परिसर में ही महिला की सामान्य प्रसूति हुई। वहां उपस्थित लोगों ने वार्ड से हरे पर्देवाली पार्टिशन ट्राली लाई। महिला को चारों ओर से सुरक्षित किया गया। वार्ड में मौजूद एक महिला इंटर्न डॉक्टर को पता चला तो वह दौड़कर आई। उसने इस स्थिति को संभाला। उसने नवजात को पकड़ा। कुछ ही समय में महिला को वार्ड क्रमांक 22 में शिफ्ट किया गया। अब महिला व नवजात की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। मौके पर उपस्थित अनिकेत कुत्तरमारे ने बताया कि स्ट्रेचर देने के लिए आधार कार्ड की मांग की गई। मेडिकल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सामान्य प्रसूति का समय आने पर कहीं भी हो सकती है। इसके लिए किसी को दोष देना गलत है।
Created On :   20 Sept 2025 2:36 PM IST