- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कांग्रेस में गुटबाजी,पूर्व मंत्री...
Nagpur News: कांग्रेस में गुटबाजी,पूर्व मंत्री केदार की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सपकाल के दूतों की ताकीद
- नगर निकाय चुनाव के लिए उम्मीदवारों के इंटरव्यू
- प्रमुख नेताओं को नजरअंदाज करने का आरोप
Nagpur News जिला कांग्रेस में गुटबाजी उभरकर सामने आयी है। इस बार प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सीधे दखल देते हुए गुटबाजी दूर करने का संदेश भिजवाया है। नगरपरिषद व नगर पंचायत चुनाव के दौरान यह गुटबाजी कांग्रेस को आघात भी पहुंचा सकती है।
पूर्व मंत्री सुनील केदार के संरक्षण में बैठक व उम्मीदवार चयन प्रक्रिया का कांग्रेस के ही पदाधिकारियों ने अवैध ठहराया है। जिले में नगरपरिषद व नगरपंचायत के चुनाव के लिए शनिवार को कांग्रेस ने उम्मीदवारों का इंटरव्यूह कार्यक्रम आयोजित किया। सुबह 11 बजे गणेशपेठ स्थित पार्टी कार्यालय में पूर्व मंत्री सुनील केदार, रामटेक के सांसद श्याम बर्वे, पूर्व मंत्री राजेंद्र मुलक, जिला अध्यक्ष अश्विन बैस, प्रदेश महासचिव सुरेश भोयर व अन्य नेताओं की उपस्थिति में इंटरव्यूह लिया जा रहा था। इसी दौरान जिला प्रमुख प्रभारी वीरेंद्र जगताप, प्रभारी अशोक बोबडे, प्रभारी उदय मेघे बैठक में पहुंचे।
जगताप ने संबोधित करते हुए कहा कि यह बैठक पूरी तरह से अवैध व संगठन मामले में असंवैधानिक है। उम्मीदवारों के इंटरव्यूह के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने समिति नियुक्त की है। समिति में कांग्रेस के विधायक, पूर्व विधायक, वर्तमान व पूर्व प्रमुख पदाधिकारी, महिला सेल, सेवादल, युवक इकाई सहित अन्य सहयोगी संगठनों के प्रमुखों को भी समिति में स्थान दिया गया है। लेकिन यहां प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश का पालन नहीं किया जा रहा है। केवल कुछ लोग ही इंटरव्यूह ले रहे है। यह साफ तौर पर गुटबाजी है। गुटबाजी दूर करने की ताकीद देकर जगताप अन्य प्रभारियों के साथ बैठक स्थल से बाहर चले गए। उधर इंटरव्यूह जारी रहा।
प्रदेश अध्यक्ष ने किया था एकजुटता आव्हान : जिला कांग्रेस में पहले भी गुटबाजी रही है। आरोप लगता रहा है कि पूर्व मंत्री सुनील केदार जिला कांग्रेस में एकाधिकार रख रहे है। वे कुछ कार्यकर्ताओं के सहयोग से जिला कांग्रेस पर कब्जा किए हुए है। विधानसभा चुनाव में टिकटों को लेकर कई शिकायतें सामने आयी थी। केदार ने रामटेक में निर्दलीय उम्मीदवार का प्रचार किया था। जिला संगठन में भी उथलपुथल होते रही है। हालांकि केदार समर्थकों का कहना है कि कुछ जनाधारहीन नेताओं को ही गुटबाजी दिखती है। केदार के नेतृत्व में ही जिला परिषद में कांग्रेस जीती थी। रामटेक का लोकसभा चुनाव भी जीता। प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल पिछले सप्ताह ही नागपुर आए थे। उन्होंने एकजुटता का आव्हान किया था।
यह भी पढ़े -निर्माणाधीन सीमेंट रास्ते पर दुर्घटना में बुजुर्ग की मौत, रास्ते का निर्माणकार्य मुसीबत का सबब
इनका कहना है - सभी को आमंत्रित किया : कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अश्विन बैस ने कहा-हमने बैठक के लिए सभी प्रमुख पदाधिकारियों को आमंत्रित किया। कुछ पदाधिकारी नहीं पहुंच पाए। गुटबाजी का विषय नहीं है। पूर्व मंत्री सुनील केदार के नेतृत्व में वरिष्ठों का सूचना दी गई है।
बात सही है, पर कुछ नहीं बोलूंगा : कांग्रेस के जिला प्रभारी वीरेंद्र जगताप ने कहा-बात सही है, पर कुछ नहीं बोलूंगा। शिकायत मिलने पर ही प्रदेश अध्यक्ष ने हमें बैठक में संदेश देने के लिए भेजा होगा। संगठन का मामला है। अधिकृत जानकारी, वरिष्ठ नेतागण देंगे।
Created On :   7 Nov 2025 6:39 PM IST
















