Nagpur News: मेडिकल में बेटी का इलाज करा रहे बुजुर्ग से ठगी

मेडिकल में बेटी का इलाज करा रहे बुजुर्ग से ठगी
1200 रुपए लेकर अज्ञात फरार, डॉक्टर ने की मदद

Nagpur News मेडिकल अस्पताल में बेटी का इलाज करा रहे एक वृद्ध से अज्ञात व्यक्ति ने 1200 रुपए की ठगी कर फरार हो गया। उधार लेकर बेटी का इलाज करा रहा वृद्ध पिता दुखी होकर रोने लगा, तब इसकी जानकारी मिलने पर चिकित्सा अधीक्षक ने तुरंत वृद्ध को आर्थिक मदद की। साथ ही सुरक्षा कर्मियों को ठग की तलाश करने के निर्देश दिए।

इंसानियत दिखाना महंगा पड़ा : घटना शुक्रवार को अमरावती जिले के एक गांव से बेटी का उपचार कराने आए बुजुर्ग भीमराव काकडे के साथ हुई। भीमराव की बेटी एक हफ्ते से मेडिकल के वार्ड-48 में भर्ती है। घटना वाले दिन वह वार्ड के बाहर खड़े थे। उस समय एक व्यक्ति आया और कहने लगा कि, उसका रिश्तेदार भी इसी वार्ड में भर्ती है। उसे दवा की जरूरत है, इसलिए 1200 रुपए चाहिए। आधे घंटे में पैसे लौटा देगा। भीमराव ने इंसानियत दिखाते हुए व्यक्ति को 1200 रुपए दे दिए, लेकिन व्यक्ति लौटकर नहीं आया।

नि:शुल्क उपचार करने के निर्देश : ठगी का एहसास होते ही बुजुर्ग की आंखों से आंसू बहने लगे। उनके पास खाने को भी पैसे नहीं थे। इधर-उधर पूछताछ के बाद भीमराव चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और डॉ. अविनाश गावंडे को जानकारी दी। डॉ. गावंडे ने पहले, तो अपनी जेब से पैसे निकालकर भीमराव की मदद की। साथ ही वार्ड के स्टाफ को उसकी बेटी काे उपचार व दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराने का निर्देश दिए। पश्चात सुरक्षा बल को घटना की जानकारी देकर फुटेज खंगालने को कहा और व्यक्ति की पहचान व पुष्टि करने का निर्देश दिया। शिकायत पुलिस में दर्ज करने को कहा।

मंडराते रहते हैं अज्ञात असामाजिक तत्व : मेडिकल परिसर में प्रतिदिन 15 हजार से अधिक लोगों की आवाजाही होती है। इसमें प्रशासनिक अधिकारी, डॉक्टर्स, विद्यार्थी, कर्मचारी, मरीज व उनके परिजन, रिश्तेदार आदि का समावेश होता है। इसके अलावा अज्ञात लोग व असामाजिक तत्व भी मंडराते रहते हैं। मेडिकल में आने वाले मरीज आर्थिक रूप से कमजोर होते हैं। यह मरीज विदर्भ, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना से आते हैं, इसलिए उनके लिए एक-एक पैसे महत्व होता है, लेकिन यहां कोई अप्रिय घटना होने पर उनके पास आंसू बहाने के अलावा कोई चारा नहीं रहता।


Created On :   8 Nov 2025 4:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story