Nagpur News: नागपुर जिले से 257 पर्यटक गए थे कश्मीर, अब लौट रहे हैं

नागपुर जिले से 257 पर्यटक गए  थे कश्मीर, अब लौट रहे हैं
  • हवाई जहाज और रेलगाड़ी से पर्यटकों को टिकट बुकिंग के अनुसार छोड़ा जा रहा
  • कई पर्यटकों को टूर बीच में ही छोड़ कर आना पड़ा

Nagpur News जिला प्रशासन की सूची पर गौर करें तो जिले से 257 पर्यटक जम्मू-कश्मीर गए थे। पहलगांम में हुई आतंकी घटना के बाद अधिकांश पर्यटकों ने नागपुर का रुख कर लिया है। 24 अप्रैल को कुछ पर्यटक नागपुर पहुंचे और कुछ पर्यटक 25 अप्रैल काे नागपुर पहुंचेंगे, ऐसी जानकारी जिला प्रशासन द्वारा दी गई है।

विभिन्न हिस्सों में फंसे थे : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद वहां फंसे नागपुर जिले के लोगों की वापसी का दौर शुरू हो गया है। हमले के दौरान जिले के 257 पर्यटक जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में फंसे थे। पर्यटक पहलगाम से दिल्ली व वहां से रेल व विमान से नागपुर के लिए निकल रहे हैं। आतंकी हमले के बाद पर्यटकों को सुरक्षा की दृष्टि से होटलों में रुकने को कहा गया था। हवाई जहाज और रेलगाड़ी से पर्यटकों को टिकट बुकिंग के अनुसार छोड़ा जा रहा है। कुछ पर्यटक गुरुवार 24 अप्रैल को नागपुर पहुंचे।

सूची मुंबई भेजी गई है : जिला प्रशासन का कहना है जिले के सभी 257 पर्यटकों की सूची मुख्यमंत्री कार्यालय मुंबई को भेज दी गई है। प्रभारी निवासी उपजिलाधीश प्रवीण महिरे ने कहा कि जिला प्रशासन ने अधिकांश पर्यटकों से बात की और सभी सुरक्षित होने का दावा किया गया है। इनमें से कितने यात्री विमान से कितने रेल से नागपुर पहुंचे इसकी जानकारी जिला प्रशासन के पास उपलब्ध नहीं है। जिला प्रशासन का कहना है कि इसकी जानकारी सीएमओं मंुबई रख रहा है। कुछ पर्यटक कश्मीर का अपना पूर्वनियोजित दौरा पूरा करने की जानकारी महिरे की तरफ से दी गई है।

शहर के 30-40 पर्यटकों की वापसी : कश्मीर गए नागपुर के यात्रियों की वापसी शुरू हो गई है। गुरुवार को लगभग 30-40 पर्यटक मुंबई से नागपुर पहुंचे। पर्यटकों को विशेष विमान से मुंबई लाया गया। सुबह 8 बजे के करीब इंडिगो की फ्लाइट से पर्यटक नागपुर पहुंचे। पर्यटक निर्मल मोटवानी ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ पहलगाम के पास स्थित तक्षुम शहर में ठहरे हुए थे। अगले दिन वे पहलगाम घूमने जानेवाले थे, लेकिन हादसे के बाद उन्हें अपना टूर बीच में ही छोड़कर आना पड़ा। उन्होंने बताया कि वे 7 दिन के लिए कश्मीर गए थे और उन्हें 3 दिन में ही लौटना पड़ा। सरकार द्वारा श्रीनगर से शुरू की गई एक्सट्रा फ्लाइट में बैठकर वे नागपुर लौट आए। गुरुवार रात भी दिल्ली से कुछ पर्यटक नागपुर पहुंचे हैं।

Created On :   25 April 2025 12:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story