Nagpur News: राजस्व डुबोने वाले राजस्वमंत्री के साथ रहते हैं, तो हमें वेदना होती है

राजस्व डुबोने वाले राजस्वमंत्री के साथ रहते हैं, तो हमें वेदना होती है
  • कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भाजपा में प्रवेश पर भड़के विधायक देशमुख
  • सत्याग्रह की चेतावनी पर दिखाया बाहर का रास्ता

Nagpur News नगर परिषद व नगर पंचायत चुनाव के दौरान अन्य दलों के नेता-कार्यकर्ता को भाजपा में प्रवेश देने को लेकर असंतोष सोमवार को फूट पड़ा। सावनेर के भाजपा विधायक अाशीष देशमुख ने राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले पर सवाल दागते हुए कहा दिया कि राजस्व डुबाने वाले लोग, राजस्वमंत्री के साथ रहते हैं, तो हमें वेदना होती है। देशमुख ने दो कार्यकर्ताओं के भाजपा में प्रवेश के विरोध में ठीया आंदोलन अर्थात सत्याग्रह करने की चेतावनी दी, तो भाजपा ने उन कार्यकर्ताओं का प्रवेश रद्द कर दिया। यह मामला राजनीतिक तौर पर काफी चर्चा में रहा। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री सुनील केदार के समर्थक नरेंद्र पिंपले व अमित राय को भाजपा में प्रवेश दिया गया। राजस्वमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के साथ उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा में रही।

गहरा असंतोष : सोमवार को सावनेर में नगर परिषद चुनाव के नगराध्यक्ष व सदस्य पद के उम्मीदवारों की प्रचार बैठक थी। भाजपा के संगठन मामलों के प्रमुख पदाधिकारी श्रीकांत देशपांडे, जिला अध्यक्ष मनोहर कुंभारे, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव पोतदार, रामराव माेवाडे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। विधायक देशमुख ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का दायित्व सभी का है। पहले सावनेर क्षेत्र में विकास का अभाव था।

दादागिरी व अवैध व्यवसाय को प्रोत्साहन देने की भूमिका के विरोध में जनता ने हमें जिताया। जिन रेत माफिया, सट्ट-पट्टी वालों, वसूली वालों के विरुद्ध हम जीते, अब वही हमारी पार्टी में आने लगे हैं। राजस्व अधिकारियों पर गाड़ियां चलाने वाले लोग राजस्वमंत्री के साथ भाजपा का दुपट्टा पहने दिखते हैं, तो हमें पचता नहीं है। क्या हम पर भरोसा नहीं है? रेती वाले, अवैध धंधे वाले तुम्हें जितवाएंगे? विधायक देशमुख ने आगे कहा कि इस मामले में 2 दिन में निर्णय लें। मेरी उच्च स्तर पर बात कराएं। अन्यथा महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास ठीया आंदोलन पर बैठूंगा। गहरा असंतोष व्यक्त कर देशमुख माइक छोड़कर सभा स्थल से बाहर चले गए।

स्थानीय स्तर पर लिया था निर्णय : कुंभारे : भाजपा के जिला अध्यक्ष मनोहर कुंभारे ने कहा कि दोनों कार्यकर्ताओं का प्रवेश रद्द कर दिया गया है। नरेंद्र पिंपले व अमित राय के भाजपा में प्रवेश का निर्णय स्थानीय स्तर पर लिया गया था। गैरसमझ में दोनों को प्रवेश दे दिया गया। प्रवेश के संबंध में राजस्वमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले व विधायक आशीष देशमुख को जानकारी भी नहीं थी। प्रवेश रद्द कर दिया गया है।


Created On :   25 Nov 2025 11:56 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story