- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- इथेनॉल को लेकर कांग्रेस का निशाना,...
New Delhi News: इथेनॉल को लेकर कांग्रेस का निशाना, गडकरी बना रहे नीति, बेटे कमा रहे पैसा

- गडकरी बना रहे नीति, बेटे कमा रहे पैसाः पवन खेड़ा
- एक लीटर इथेनॉल बनाने में करीब 3,000 लीटर पानी की खपत
New Delhi News. कांग्रेस ने इथेनॉल नीति को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पर निशाना साधा है। प्रमुख विपक्षी दल ने कहा है कि गडकरी इथेनॉल नीति बना रहे हैं और उनके बेटे उससे कमा रहे हैं। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया है कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की बात करने वाली सरकार गडकरी और उनके बेटों पर लगे आरोपों की जांच कराएगी।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा और नितिन गडकरी पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश को बताया गया कि इथेनॉल से किसानों को फायदा होगा लेकिन असल में उन्हें कोई फायदा नहीं मिल रहा, बल्कि फायदा गडकरी के बेटे जैसे लोग उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सितंबर 2018 में नितिन गडकरी ने वादा किया था कि 5 इथेनॉल उत्पादन सेंटर तैयार किए जाएंगे, जहां लकड़ी के बुरादे और म्युनिसिपल वेस्ट से इथेनॉल बनाया जाएगा। सच्चाई ये है कि आजतक लकड़ी के बुरादे और म्युनिसिपल वेस्ट से 1 लीटर एथेनॉल भी नहीं बनाया गया। 627 करोड़ लीटर इथेनॉल बना है, इसमें 56 प्रतिशत गन्ना और बाकी अनाज इस्तेमाल हुआ है। उन्होंने कहा कि 1 लीटर इथेनॉल बनाने में करीब 3,000 लीटर पानी की खपत होती है। यानी पर्यावरण को संरक्षित करने का दावा भी जुमला निकला।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि नितिन गडकरी की बनाई नीतियों के आधार पर उनके बेटे पैसा कमा रहे हैं। निखिल गडकरी और सारंग गडकरी दोनों नितिन गडकरी के बेटे हैं। नितिन गडकरी के दोनों बेटों की कंपनियां सियान एग्रो इंडस्ट्रीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, मानस एग्रो इंडस्ट्रीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड इथेनॉल बनाती हैं। निखिल गडकरी की कंपनी सियान एग्रो का जून 2024 में रेवेन्यू 18 करोड़ था, जो कि जून, 2025 में बढ़कर 723 करोड़ हो गया। इस कंपनी के शेयर की कीमत जनवरी, 2025 में 37 रुपए थी, जो कि अब बढ़कर 638 रुपए हो गई है, यानी इन कीमतों में 2184 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
Created On :   4 Sept 2025 8:44 PM IST