अपह्त लड़की 5 साल बाद मिली, 1 बच्चे की बन चुकी है मां

अपह्त लड़की 5 साल बाद मिली, 1 बच्चे की बन चुकी है मां
पिता का मित्र भगा कर ले गया था

डिजिटल डेस्क, नागपुर । यशोधरा नगर क्षेत्र से पांच साल पहले अपह्रत 15 वर्षीय बालिका को क्राइम ब्रांच पुलिस के मानव तस्करी विरोधी दस्ते ने आखिरकार खोज निकाला। बालिका का अपहरण करने के बाद आरोपी ने उससे शादी कर ली। वर्तमान में वह एक बच्चे की मां है। गायब होने के बाद लड़की पति और बेटे के साथ यशोधरा नगर में रह रही थी। अब पुलिस उसके पति को खोज रही है।

बेटी को देख छलक गए परिजनों के आंसू, पति की तलाश : जानकारी के अनुसार लड़की को गत 23 जून को यशोधरा नगर क्षेत्र से खोज निकालने के बाद पुलिस ने उसे और उसके बेटे को परिजनों के हवाले कर दिया है। नाबालिग को भगाकर ले जाने वाला आरोपी प्रकाश लोखंडे है। शादी के बाद लड़की अपने पति प्रकाश और बेटे के साथ यशोधरा नगर में किराए के मकान में रह रही थी। गत 2 सितंबर 2018 को नाबालिग बालिका गायब होने पर उसके परिजनों ने यशोधरा नगर थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने 3 सितंबर 2018 को धारा 363 के तहत मामला दर्ज किया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब नाबालिग का कोई पता नहीं चला, तब इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच पुलिस के मानव तस्करी विरोधी दस्ते को सौंपी गई थी। दस्ते को खोजबीन के दौरान यह लड़की भीमवाड़ी, वांजरा ले-आउट, यशोधरा नगर में मिली। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक समाधान बजबलकर, हवलदार ज्ञानेश्वर ढोके, मनीष पराये, दीपक बिंदाने, सिपाही ऋषिकेश डुमरे, महिला नायब सिपाही आरती चाैहान, अश्विनी खाेड़पेवार ने कार्रवाई की।

Created On :   25 Jun 2023 7:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story