स्कैनिंग सिस्टम बंद, सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

स्कैनिंग सिस्टम बंद, सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
ह्वीकल सिस्टम तोड़कर रेल परिसर से हटाया जा रहा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वर्षों से स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को संभालने वाला अंडर ह्वीकल स्कैनिंग सिस्टम बंद कर दिया गया है। इसे तोड़कर हटाया जा रहा है। इससे नागपुर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। अब स्टेशन के भीतर आने वाले वाहनों को स्कैन नहीं किया जा सकेगा। ऐसे में स्टेशन परिसर में किसी वाहन में संवेदनशील वस्तु लेकर आने वालों को पकड़ना आसान नहीं होगा।

2016 में लगाया गया था : अंडर ह्वीकल सिस्टम वर्ष 2016 में नागपुर रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार पर लगाया गया था। यहां एक ऊंचा प्लेटफार्म तैयार बनाया गया है, जिस पर वाहनों को खड़ाकर नीचे लगे कैमरे से उनकी स्कैनिंक की जाती थी। ऐसे में गाड़ी में कोई भी संवेदनशील वस्तु रहने पर तुरंत समीप बैठे आरपीएफ के जवान को दिख जाता था। जिसके बाद अनहोनी के पहले कार्रवाई की उम्मीद थी। इसके मेंटेनेंस की जिम्मेदारी मुंबई की एक कंपनी को दी गई थी। रखरखाव का अभाव होने से यह ज्यादातर समय बंद ही रहता था। हालांकि अलर्ट के दिनों इसे शुरू किया जाता था। गुरुवार से इसे तोड़ना शुरू किया गया है, जिसके बाद अब इसका नामोनिशान नहीं रहेगा। स्टेशन के भीतर आने वाली गाड़ियों को अब स्कैन नहीं किया जा सकेगा। इससे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहा है, साथ ही लाखों रुपए लगाने के बाद सिस्टम को तोड़ना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है।

कोई प्रतिसाद नहीं दिया : इस संबंध में रेल सुरक्षा का पक्ष जानने के लिए आरपीएफ के सुरक्षा आयुक्त आशुतोष पांडे से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी कोई प्रतिसाद नहीं दिया गया।

Created On :   3 Jun 2023 12:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story