दहशत: चाकू की नोक पर वृद्धा से की लूटपाट, दो आरोपी गिरफ्तार

चाकू की नोक पर वृद्धा से की लूटपाट, दो आरोपी गिरफ्तार
घर के अंदर घुसकर घटना को दिया अंजाम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सदर क्षेत्र में एक मकान के अंदर सो रही वृद्ध महिला के गले पर चाकू अड़ाकर दो आरोपियों ने उनके सोने के गहने लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने वृद्ध महिला के पड़ोसी प्रकाश कुंभे के घर के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे। कुंभे के मकान की ऊपरी मंजिल पर किराएदार तीन छात्रों को आवाज आने पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद सदर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कुंभे के घर में घुसे चोर प्रज्वल विशाल शेंडे (23) रिपब्लिकन नगर गली नंबर 12 बाराखोली जरीपटका और उसके साथी असलम अजहर काजी (22) मिसाल ले आउट लाल गोदाम के पास जरीपटका निवासी को चोरी करते हुए रंगेहाथों धरदबोचा। पकड़े जाने के बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका एक साथी फरार हो गया। सदर के वरिष्ठ थानेदार संजय मेंढे के मार्गदर्शन में आरोपियों पर धारा 380, 457,459, 34 के तहत मामला दर्ज कर उक्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

क्या है मामला : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सदर निवासी अमर बंसीलाल वारके (55) ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे महानगरपालिका नागपुर में वरिष्ठ क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में मां सत्यफुला बंसीलाल वारके (83), पत्नी और बेटी है। उनकी मां हमेशा की तरह बुधवार को भी ग्राउंड फ्लोर पर सो रही थीं। उनकी मां के पास बेटी रहती है, लेकिन बुधवार को बेटी को बुखार होने के कारण वह पहली मंजिल पर सोने चली गई, जहां पर अमर और उनकी पत्नी रहते हैं। गत 8-9 नवंबर की दरमियानी रात में मकान के रसोईघर के दरवाजे का ताला तोड़कर आरोपी प्रज्वल शेंडे और उसका साथी असलम अजहर काजी ग्राउंड फ्लोर पर सत्यफुला वारके के कमरे में घुसे। एक आरोपी ने उनके गले पर चाकू लगाया और दूसरे ने उनके कान की दो सोने की बाली, सोने की मनी की माला सहित करीब 35 हजार रुपए का माल निकलवा लिया। आरोपियों की बातें मान लेने पर उन्होंने सत्यफुला को कोई नुकसान नहीं पहंुचाया।

किराएदार ने दी पुलिस को सूचना : इसके बाद दोनों आरोपी सत्यफुला के पड़ोसी प्रकाश कुंभे के घर के नीचे के कमरे का दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे। कुंभे परिवार के साथ मुंबई गए थे। कुंभे के मकान की दूसरी मंजिल पर तीन छात्र किराए से रहते हैं। देर रात नीचे से उन्हें कुछ आवाज सुनाई दी। इसके बाद उन्हें अंदेशा हुआ तो अपने कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की तो उनके कमरे के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद थी, शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद सदर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी प्रज्वल और असलम को दबोच लिया।

कैसे पकड़ाया आरोपी का झूठ : सूत्रों के अनुसार आरोपी प्रज्वल शेंडे और उसके साथी असलम ने कुंभे के मकान में चोरी करने के इरादे से घुसने पर पकड़े जाने के बाद अपना नाम वासनिक बता रहा था। लेकिन घटना की रात सहायक पुलिस आयुक्त संतोष खांडेकर नाइट ड्यूटी पर थे। उन्हें घटना के बारे में पता चलने पर वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी प्रज्वल को पहचान लिया, क्योंकि वह जरीपटका के थानेदार भी थे। खांडेकर की फटकार से प्रज्चल का झूठ पकड़ा गया और उसने अपना नाम सच बता दिया।

---

Created On :   10 Nov 2023 7:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story