मामला दर्ज: लड़की को लेकर दो गुट आपस में भिड़े, दो लोग जख्मी, हत्या का प्रयास

लड़की को लेकर दो गुट आपस में भिड़े, दो लोग जख्मी, हत्या का प्रयास
परिसर में तनाव का माहौल, आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लड़की को लेकर हुए विवाद में दो गुट आपस में भिड़ गए। घटित प्रकरण में एक युवक को जान से मारने का प्रयास किया गया है, जबकि प्रतिकार करने से एक आरोपी भी घायल हो गया है। वाठोड़ा थानांतर्गत हुई इस घटना से कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। इस बीच प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अदालत में पेश कर उसे पीसीआर में लिया गया है।

क्या है मामला : आराेपी आदित्य उर्फ बादल नरेश वाडीभस्मे (21) और उसका मित्र दिनेश उर्फ निमेश रमेश खोब्रागडे (19) की चिंटू उर्फ योगेश नामक युवक की बहन पर बुरी नजर है। गुरुवार की रात दस बजे इसी बात को लेकर चिंटू का आरोपियों से विवाद हो गया। जिससे आरोपी बादल ने बाद में घर में जाकर बात करने की बात कही। इस बीच विवाद के कारण लोगों की भीड़ जमने से पान ठेला चालक सूरज प्रेमचंद शाहू (20) वहां आ गया। पहले चिंटू, सूरज के पानठेले पर काम करता था।

चिंटू ने उसे बताया कि बादल उसकी बहन को परेशान करता है। इस कारण सूरज ने उसे फटकार लगाई। इससे सूरज और बादल का विवाद हो गया। बादल ने अपने अंडे की दुकान में रखा चाकू निकाला और मित्र दिनेश की मदद से सूरज की हत्या का प्रयास किया। प्रतिकार करते वक्त दिनेश पर सूरज ने भी हमला किया। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेयो अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस बीच सहायक निरीक्षक शेंडगे ने दिनेश और बादल के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर बादल को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार की दोपहर अदालत में पेश कर उसे पीसीआर में लिया है।

Created On :   30 Dec 2023 12:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story