यलो अलर्ट बेअसर: नागपुर समेत तप रहा विदर्भ, तीन दिन से तापमान थोड़ा - थोड़ा बढ़ रहा है

नागपुर समेत तप रहा विदर्भ, तीन दिन से तापमान थोड़ा - थोड़ा बढ़ रहा है
  • छाए रहेंगे बादल, लेकिन गर्मी असर दिखाएगी
  • मौसम विभाग ने 23 मई तक यलो अलर्ट जारी किया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मौसम के यलो अलर्ट के बावजूद नागपुर समेत पूरा विदर्भ तप रहा है। तेज हवा व बारिश की संभावना के बीच तापमान लगातार बढ़ रहा है। चिलचिलाती धूप के कारण रविवार को दोपहर में रास्तों पर दिन भर सन्नाटा छाया रहा। रविवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 23 मई तक यलो अलर्ट जारी किया है। नागपुर समेत विदर्भ के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। यलो अलर्ट का कोई असर रविवार को नागपुर में दिखाई नहीं दिया। उल्टे तीन दिन से तापमान थोड़ा-थोड़ा बढ़ रहा है। सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। धूप भी खिलेगी और तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है। कुल मिलाकर गर्मी अपना असर दिखाएगी।

78 ग्रीष्मकालीन परीक्षाओं के परिणाम घोषित

उधर राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय द्वारा अब तक 78 ग्रीष्मकालीन परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। फिलहाल, लगभग बारह सौ ग्रीष्मकालीन परीक्षाएं चल रही हैं। पहले चरण में फेल छात्रों की परीक्षाएं शुरू हुईं और अब नियमित छात्रों की परीक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। पिछले दो सालों में विश्वविद्यालय के कई परीक्षाओं के नतीजे रोके गए थे। इसका असर अगले वर्ष छात्रों के प्रवेश पर भी पड़ा। विश्वविद्यालय द्वारा अपने शैक्षणिक क्षेत्र में विभागों को स्वायत्तता देने के बाद, उनके परीक्षा परिणाम में चार से पांच महीने की देरी हुई। हालांकि, अब परीक्षा विभाग ने जल्द परीक्षाओं के परिणाम घोषित करना शुरू किया है। विश्वविद्यालय परीक्षाओं के शुरुआती दौर में कुछ असमंजस की स्थिति थी, जिसके बाद अब परीक्षा सुचारू रूप से चल रही है और रिजल्ट में भी तेजी आ गई है।

Created On :   20 May 2024 1:50 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story