मिशन अमृत सरोवर के तहत महाराष्ट्र में बने 1983 अमृत सरोवर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में अब तक 50 हजार से अधिक अमृत सरोवर बनाए जा चुके हैं। सरकार ने दावा किया है कि मिशन अमृत सरोवर के तहत 15 अगस्त 2023 तक 50 हजार अमृत सरोवर बनाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पूरा कर लिया गया है।
मिशन अमृत सरोवर की शुरुआत देश के हर जिले में कम से कम 75 अमृत सरोवर के निर्माण और पुनरुद्धार के उद्देश्य से की थी जिसका लक्ष्य ग्रामीण इलाकों में पानी के संकट को खत्म करना है। ग्रामीण विकास मंत्रालय के मुताबिक अमृत सरोवर के निर्माण के लिए 10 मई 2023 तक देशभर में कुल 105243 साइटों की पहचान की गई। इनमें से 72297 स्थलों पर निर्माण कार्य शुरू किया गया। अब तक 50071 अमृत सरोवर बनाए गए। मंत्रालय ने कहा है कि मिशन का एक प्रमुख पहलू जन भागीदारी है और हर अमृत सरोवर के लिए अब तक 59282 यूजर ग्रुप बनाए गए है। ये ग्रुप अमृत सरोवर के विकास की पूरी प्रक्रिया में शामिल है। पिछले वर्ष 24 अप्रैल को मिशन अमृत सरोवर की शुरुआत की गई थी।
महाराष्ट्र में बने 1983 अमृत सरोवर
मिशन अमृत सरोवर के तहत महाराष्ट्र में 3179 साइटों की पहचान की गई है। कुल साइटों में से 2675 में सरोवर निर्माण का कार्य जारी है और 1983 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जो लक्ष्य के 50 प्रतिशत हिस्से से ज्यादा हैं। इसी तरह मध्यप्रदेश में अमृत सरोवर के निर्माण के लिए 7419 साइटों की पहचान की गई, जिसमें से 6181 का निर्माण कार्य चल रहा है और अब तक 3620 सरोवर बनाए जा चुके है। उत्तर प्रदेश (10943) के बाद मध्यप्रदेश एकमात्र राज्य है, जहां सबसे ज्यादा अमृत सरोवर बनाए जा चुके है।
Created On :   10 May 2023 8:22 PM IST